जबलपुर की वायुसेवाओं को बढ़ाने समुचित प्रयास किए जाएंगे : विवेक तन्खा

जबलपुर: जबलपुर की वायु सेवाओं को बढ़ाने समुचित प्रयास किए जाएंगे ताकि यहां से भारत के प्रमुख शहरों के लिए वायु सेवाएं उपलब्ध हो सकें। ये बात राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा ने वायु सेवा संघर्ष समिति के साथ आयोजित बैठक के दौरान कही। साथ ही उन्होंने कहा कि जबलपुर से पूर्व में पुणे, अहमदाबाद, कोलकाता तथा चेन्नई के लिए भी सीधी वायु सेवाएं उपलब्ध थीं जो कि किन्हीं कारणों से बंद हो चुकी हैं और इसका खामियाजा न केवल जबलपुर बल्कि संपूर्ण महाकौशल एवं पूर्वी मध्य प्रदेश के नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। इसलिए निकट भविष्य में प्राथमिकता के आधार पर जबलपुर पुणे की फ्लाइट शीघ्र ही आरंभ कराने भरसक प्रयास किए जाएंगे।
दो कंपनियों से चर्चा
इस अवसर पर वायुसेवा संघर्ष समिति के संयोजक हिमांशु खरे ने बताया कि शनिवार को समिति के सदस्यों ने राज्यसभा सांसद को जबलपुर की वायु सेवाओं के संबंध में एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा और समिति के प्रतिनिधिमंडल ने औपचारिक वार्ता कर सांसद से जबलपुर की वायु सेवाओं को सुधारने प्रयास करने आग्रह किया। हिमांशु खरे ने बताया कि उक्त अवसर पर विवेक तन्खा ने त्वरित प्रयास करते हुए दो निजी एयरलाइन कंपनियों से दूरभाष पर बात की तथा उन्हें जबलपुर पुणे तथा अन्य मार्गों पर शीघ्र वायुसेवा आरंभ करने आग्रह किया। श्री तन्खा ने निजी विमानन कंपनियों को जबलपुर की महत्वत्ता के बारे में अवगत कराया।

हिमांशु खरे ने बताया कि निकट भविष्य में वायुसेवा संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल, श्री तन्खा के साथ निजी विमानन कंपनियों के शीर्ष मैनेजमेंट के साथ वार्ता करेगा तथा उन्हें जबलपुर के विभिन्न वायु मार्गो की स्थिति से अवगत कराएगा ताकि कंपनियों का रुझान जबलपुर की ओर बढ़ सके। बैठक में उपस्थित डॉ राजेश धीरावाणी, गीता शरत तिवारी, बलदीप मैनी, अंजना तिवारी, हिमांशु राय, सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष राजा सराफ, मनु शरत तिवारी, डॉ सुनील बहल, अजय बख्तावर, बब्बू यादव, प्रकाश राठौड़, लोकेश चौबे, प्रियंका केशरवानी, दिव्या पाठक मौजूद रहे।

Next Post

30 को सार्वजनिक अवकाश, 31 को खुलेंगे सभी सरकारी कार्यालय

Mon Mar 30 , 2026
जबलपुर: जिला कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, कैलेंडर वर्ष 2026 में महावीर जयंती के अवसर पर घोषित सार्वजनिक अवकाश में संशोधन किया गया है। पूर्व में 31 मार्च 2026 (मंगलवार) को घोषित अवकाश को बदलकर अब 30 मार्च 2026 (सोमवार) को पूरे जबलपुर जिले में सार्वजनिक […]

You May Like