आगजनी और हिंसा के बाद सुरक्षा बढ़ाने के लिए बंगलादेश बॉर्डर गार्ड ने ढाका समेत आठ जिलों में 108 प्लाटून तैनात किये

ढाका, 25 नवंबर (वार्ता) बंगलादेश में बढ़ते राजनीतिक तनाव से जुड़ी आगजनी, देसी बम विस्फोटों और विरोध प्रदर्शनों की हालिया घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा हिंसा रोकने के लिए बॉर्डर गार्ड बंगलादेश (बीजीबी) ने ढाका और सात अन्य जिलों में 108 प्लाटून तैनात किये हैं।

बीजीबी ने बुधवार को जारी एक बयान में बताया कि उसके जवानों को ढाका, नारायणगंज, गाजीपुर, मैमनसिंह, गोपालगंज, फरीदपुर, चटगांव और कॉक्स बाजार में तैनात किया गया है, जबकि चार अतिरिक्त प्लाटून को आपात स्थिति के लिए तैयार रखा गया है। सबसे अधिक 56 प्लाटून गोपालगंज में तैनात किये गये हैं, जबकि सावर और आशुलिया में 18, गाजीपुर में 18, नारायणगंज में छह, चटगांव में तीन, मैमनसिंह के भालुका में दो और कॉक्स बाजार में एक प्लाटून तैनात किया गया है।

पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना द्वारा 16 दिसंबर को मुक्ति संग्राम की वर्षगांठ पर निर्वासन से बंगलादेश लौटने की घोषणा के बाद उपजे भारी राजनीतिक तनाव और प्रदर्शनों के मद्देनजर ये सुरक्षा उपाय किये गये हैं। हथियारों और विस्फोटकों की संभावित तस्करी की आशंका के चलते सीमावर्ती क्षेत्रों में गश्त भी बढ़ा दी गयी है।

गृह मंत्रालय के निर्देशों पर बीजीबी जवान औद्योगिक क्षेत्रों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के आसपास स्थानीय प्रशासन तथा अन्य कानून लागू करने वाली एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इसके अलावा बीजीबी मुख्यालय ने ड्रोन और बॉडी-वॉर्न कैमरों के लाइव फुटेज की चौबीसों घंटे निगरानी के लिए एक तकनीकी निगरानी प्रकोष्ठ भी स्थापित किया है।

 

 

Next Post

सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट: पंजाब पुलिस ने भारतीय नौसेना को 4-1 से हराया, रेल कोच फैक्टरी की भी शानदार जीत

Wed Nov 25 , 2026
जालंधर, 25 नवंबर (वार्ता) पंजाब पुलिस ने 43वें इंडियन ऑयल सर्वो सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट के बुधवार को खेले गये मुकाबलों में भारतीय नौसेना मुंबई को 4-1 से हराया, जबकि रेल कोच फैक्टरी कपूरथला ने बीएसएफ जालंधर को इसी अंतर से पराजित किया। एक अन्य मुकाबले में भारत पेट्रोलियम और आर्मी […]

You May Like