बैतूल: महाराष्ट्र के पुणे में एसिड हमले की शिकार 21 वर्षीय युवती की 21 दिनों तक उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। युवती की मृत्यु के बाद पुलिस अब बैतूल जिले के निवासी आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराएं जोड़ने की तैयारी कर रही है।पुलिस के अनुसार 20 मई 2026 की रात पुणे के ताड़ीवाला रोड स्थित जनता विद्यालय के सामने आरोपी ने युवती और उसके 21 वर्षीय मित्र पर ज्वलनशील रासायनिक पदार्थ फेंक दिया था। हमले में युवती लगभग 80 प्रतिशत तक झुलस गई थी, जबकि उसके साथ मौजूद युवक भी घायल हो गया था।
बंडगार्डन पुलिस थाने में दर्ज प्रकरण के अनुसार आरोपी की पहचान मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की आमला तहसील के तोरणवाड़ा गांव निवासी श्रीराम मधु सावनेर (30) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी और युवती एक-दूसरे को पहले से जानते थे, हालांकि हमले के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना के बाद दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। युवती का पहले पुणे में उपचार किया गया, बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए मुंबई भेजा गया, जहां 10 जून को उसकी मृत्यु हो गई।
बंडगार्डन पुलिस थाना के अधिकारियों ने बताया कि युवती की मृत्यु के बाद प्रकरण में कानूनी धाराओं में संशोधन कर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा। आरोपी को घटना के कुछ घंटों बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया था और वह वर्तमान में न्यायिक हिरासत में है। पुलिस ने मृतका की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। मामले की जांच जारी है।
