भीषण गर्मी की चपेट में उत्तर प्रदेश,राहत के आसार नहीं

लखनऊ, 22 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और विभिन्न जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग द्वारा बुधवार को जारी प्रभाव आधारित पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने तथा तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है, जबकि कई जिलों में उष्ण लहर (लू) की स्थिति बनी रहेगी। राजधानी लखनऊ समेत कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, झांसी, आगरा, अलीगढ़ और मेरठ मंडलों के जिलों में अधिकतम तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। बुंदेलखंड और पूर्वांचल के जिलों बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ और बलिया में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार 22 से 25 अप्रैल के बीच पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क रहेगा, जबकि दिन के समय तेज गर्म हवाएं (30-40 किमी/घंटा) चल सकती हैं। इस दौरान कई जिलों में लू चलने की प्रबल संभावना जताई गई है।

पूर्वानुमान में कहा गया है कि हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, गाजीपुर, गोरखपुर मंडल के कुछ हिस्सों सहित मध्य और पूर्वी यूपी के बड़े हिस्से लू की चपेट में रहेंगे। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, अलीगढ़ और मथुरा में भी तापमान में तेजी से वृद्धि दर्ज की जा रही है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 26 अप्रैल के आसपास कुछ स्थानों पर आंशिक बदलाव के संकेत हैं, जहां कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं, लेकिन उससे पहले गर्मी से राहत की संभावना कम है।

उष्ण लहर के प्रभाव को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी और तरल पदार्थ लेने तथा बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। कुल मिलाकर, प्रदेश के अधिकांश जिलों में अगले चार से पांच दिनों तक तापमान ऊंचा बना रहने और लू के प्रकोप के चलते जनजीवन पर असर जारी रहने की संभावना है।

 

 

Next Post

गोरखपुर में गेहूं के डंठल में लगी आग से पांच बच्चे झुलसे

Wed Apr 22 , 2026
गोरखपुर 22 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के चिलुआताल थाना क्षेत्र में स्थित रामुडीह गांव में बुधवार एक दर्दनाक हादसा हो गया जब खेत में पड़े गेहूं के सूखे डंठलों में लगी आग की चपेट में आकर रास्ते से गुजर रहे पांच बच्चे झुलस गए। घटना के बाद […]

You May Like