गोरखपुर में गेहूं के डंठल में लगी आग से पांच बच्चे झुलसे

गोरखपुर 22 अप्रैल (वार्ता) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के चिलुआताल थाना क्षेत्र में स्थित रामुडीह गांव में बुधवार एक दर्दनाक हादसा हो गया जब खेत में पड़े गेहूं के सूखे डंठलों में लगी आग की चपेट में आकर रास्ते से गुजर रहे पांच बच्चे झुलस गए।

घटना के बाद गांव में अफरा.तफरी मच गई और ग्रामीण तुरंत राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।

पुलिस ने बुध्दवार को बताया कि चलुआताल थाना क्षेत्र में स्थित रामुडीह गांव में मंगलवार सायं गेहूं की कटाई के बाद खेत में सूखे डंठल पड़े हुए थे जिनमें अचानक आग लग गई। उसी दौरान पास के रास्ते से गुजर रहे पांच बच्चे आग की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। बच्चों की चीख.पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाकर उन्हें बाहर निकाला।

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम सदर दीपक गुप्ता तत्काल मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बिना देरी किए घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के निर्देश दिए और एम्बुलेंस की व्यवस्था कराकर बच्चों को इलाज के लिए भेजा।

उन्होंने बताया कि चार बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है जबकि एक बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। डॉक्टरों की टीम सभी घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

एसडीएम दीपक गुप्ता ने अस्पताल पहुंचकर भी बच्चों का हाल जाना और चिकित्सकों को समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है हालांकि आशंका जताई जा रही है कि सूखे डंठलों में किसी चिंगारी या लापरवाही के चलते आग लगी होगी। प्रशासन द्वारा मामले की जांच कराई जा रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि फसल कटाई के बाद खेतों में पड़े सूखे अवशेषों में अक्सर आग लग जाती है जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे मामलों में सतर्कता और जागरूकता बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

 

 

 

Next Post

द्वारका नगरी योजना के नियमों पर सीएम डॉ यादव ने की समीक्षा

Wed Apr 22 , 2026
भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मंत्रालय में द्वारका नगरी योजना के नियमों और प्रक्रियाओं को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में योजना के क्रियान्वयन, पारदर्शिता और जनहित से जुड़े पहलुओं पर विशेष जोर दिया गया।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि योजना के नियम सरल और स्पष्ट […]

You May Like