मुरैना: मुरैना की प्राचीन धरोहरों को पर्यटन के नक्शे पर लाने के लिए जिला पुरातत्व विभाग 14 और 15 जून को हेरिटेज वॉक का आयोजन कर रहा है। इस कार्यक्रम में मुरैना के साथ ग्वालियर और आगरा के पर्यटक भी शामिल होंगे।हेरिटेज वॉक की शुरुआत अमर शहीद पंडित राम प्रसाद बिस्मिल संग्रहालय से होगी, जहां से बस मितावली, पदावली और बटेश्वर स्मारकों तक जाएगी। स्थानीय लोगों के लिए 100 रुपए प्रति व्यक्ति का शुल्क निर्धारित किया गया है।
ग्वालियर और आगरा के पर्यटक अपने निजी वाहनों से यात्रा करेंगे।जिला पुरातत्व अधिकारी डॉ. अशोक शर्मा ने बताया कि विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम मुरैना की ऐतिहासिक विरासत को प्रचारित करने का प्रयास है। संग्रहालय से सुबह 7:30 बजे बस प्रस्थान करेगी।मुरैना के ये सभी स्मारक भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के संरक्षण में हैं।
वर्तमान में आगरा से खजुराहो जाने वाले अधिकांश पर्यटक इन स्मारकों को नजरअंदाज कर जाते हैं। इसका मुख्य कारण दुर्गम स्थान और सीधे मार्ग का अभाव है। स्मारकों तक पहुंचने के लिए या तो मुरैना-अंबाह बाईपास या फिर मुरैना से सिहौनिया मार्ग का प्रयोग करना पड़ता है। सिंगल लेन सड़क होने के कारण बड़े पर्यटक वाहनों को चलाने में कठिनाई होती है।
