जंगलों में बेखौफ सजा जुए का फड़

गुना। जिले के म्याना थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले घने जंगलों में अवैध गतिविधियों का कारोबार एक बार फिर चरम पर है। पुलिस की नाक के नीचे जंगलों की ओट में जुए का एक बड़ा फड़ बेहद बेखौफ अंदाज में संचालित किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर इस फड़ का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है और स्थानीय पुलिस प्रशासन की चौकसी पर कई तीखे सवाल खड़े कर दिए हैं।

वायरल वीडियो की प्राथमिक पड़ताल में जो सच निकलकर सामने आया है, वह हैरान करने वाला है। घने पेड़-पौधों के बीच बेफिक्र बैठे जुआरी खुलेआम ताश की गड्डियों पर प्रतिदिन लाखों रुपये का दांव लगा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, इस पूरे अवैध फड़ का संचालन इलाके का कुख्यात और नामचीन जुआरी भोलू धाकड़ कर रहा है। संरक्षण में प्रतिदिन दर्जनों जुआरी जंगल के अलग-अलग हिस्सों में एकत्र होते हैं और बेधड़क इस अवैध कारोबार को अंजाम देते हैं।

 

पुरानी कार्रवाई बेअसर, फिर जम गए अड्डे

इस पूरी घटनाक्रम का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि म्याना थाना पुलिस ने कुछ ही दिनों पहले इसी इलाके में एक बड़ी दबिश देकर कई जुआरियों को रंगे हाथों दबोचा था। पुलिस की उस कार्रवाई के बाद लगा था कि क्षेत्र में जुए के नेटवर्क पर लगाम कस जाएगी। लेकिन जुआरियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि पुलिस की कार्रवाई का खौफ महज कुछ ही दिनों में काफूर हो गया। आरोपियों ने पुलिस की सुस्ती का फायदा उठाते हुए जंगलों के भीतर दोबारा अपने अड्डे स्थापित कर लिए और पहले से भी बड़े पैमाने पर फड़ संचालित करना शुरू कर दिया।

 

पुलिस की भूमिका पर गहराया संदेह

इतने बड़े पैमाने पर जंगलों में प्रतिदिन लाखों का दांव लगना और स्थानीय पुलिस को इसकी कानों-कान भनक तक न होना, कई तरह के संदेह पैदा कर रहा है। जब राहगीरों और आम जनता तक सोशल मीडिया के जरिए वीडियो पहुंच सकता है, तो फिर पुलिस का सूचना तंत्र (मुखबिर नेटवर्क) इतना कमजोर कैसे साबित हुआ? क्षेत्र में यह चर्चा जोर पकड़ रही है कि क्या पुलिस केवल खानापूर्ति के लिए कभी-कभार दबिश देती है या फिर इस अवैध कारोबार को मौन सहमति प्राप्त है। फिलहाल, वीडियो वायरल होने के बाद से पुलिस प्रशासन की सुस्ती और कार्यशैली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। अब देखना यह होगा कि मामले की भनक लगते ही पुलिस महकमा भोलू धाकड़ और उसके साथियों पर क्या सख्त कदम उठाता है, या फिर यह मामला भी जांच के नाम पर फाइलों में दबकर रह जाएगा।

Next Post

बाइकों की भिडंत में आधा दर्जन लोग गंभीर 

Fri Jul 31 , 2026
सीधी। तेज रफ्तार में आमने-सामने से बाइकों की भिडंत में आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटना स्थल पर घायलों की चीख-पुकार शुरू हो गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने तत्परता पूर्वक सूचना देकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौली भेजने की व्यवस्था […]

You May Like