
सीधी। तेज रफ्तार में आमने-सामने से बाइकों की भिडंत में आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटना स्थल पर घायलों की चीख-पुकार शुरू हो गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने तत्परता पूर्वक सूचना देकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौली भेजने की व्यवस्था बनाई। मझौली अस्पताल में प्राथमिक उपचार के पश्चात सभी घायलों को जिला अस्पताल सीधी के लिए रेफर कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार एक बाइक में रामरशीले तिवारी उम्र 40 वर्ष, कन्हैयालाल तिवारी उम्र 60 वर्ष, रामसुशील तिवारी उम्र 46 वर्ष, रुद्रा तिवारी 6 वर्ष मझौली की ओर से करवाही की तरफ दोपहर करीब 2:30 बजे जा रहे थे। ताला ग्राम के आकाश नगर में पहुंचते ही सामने से बाइक में आ रहे अखिलेश कुशवाहा उम्र 40 वर्ष, अनिल कुशवाहा उम्र 40 वर्ष सभी निवासी छुही से सीधे भिडंत हो गई। दोनो बाइकों की आपस में टकराते ही इनमें सवार सभी 6 लोग दूर जाकर गिरे। घटना में सभी घायलों को चोंट लगने के साथ ही फ्रैक्चर बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर मझौली थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही विवेचना शुरू कर दी गई है।
