
इंदौर। द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में दुष्कर्म प्रकरण में समझौता नहीं करने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर महिला सहित तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.
पीड़िता ने वर्ष 2025 में आरोपी आमिर खान के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था. मामले में आरोपी जमानत पर बाहर आने के बाद लगातार समझौते के लिए दबाव बना रहा था. आरोप है कि आमिर ने बबीता चौहान के मोबाइल से कॉल करवाकर पीड़िता को दो लाख रुपए लेकर मामला खत्म करने का प्रस्ताव दिया. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जब उसने समझौते से इनकार किया, तो उसे श्रीमाया होटल के पास बुलाया गया, जहां आमिर खान और इरफान खान मौजूद थे. दोनों ने वहां भी समझौते के लिए दबाव बनाया और मना करने पर जान से मारने की धमकी दी. पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
