टावर निर्माण मुआवजा विवाद को लेकर गरमाई सियासत

सीधी । टावर निर्माण मुआवजा विवाद को लेकर सियासत गरमाई हुई है। किसानों की बिना सहमति एवं शासन की गाइड लाइन के विरुद्ध बिना मुआवजा वितरण किये टावर निर्माण को लेकर किसानों के हित में पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से हस्ताक्षेप की मांग की है।

गौरतलब है कि अडानी पावर ट्रांसमिशन लाइन महान परियोजना द्वारा रामपुर नैकिन तहसील क्षेत्र के गांवों में विद्युत टावर लगाने का कार्य शुरू किया गया है। बडख़रा, कुआं एवं भितरी में टावर लगाने का काम करीब 50 फीसदी कम्पनी के कर्मचारियों द्वारा दबंगई पूर्वक पूरा कर लिया गया था, बाद में किसानों द्वारा शासन के नियमानुसार मुआवजा भुगतान की आवाज को मुखर किया, जिसके बाद कम्पनी के कर्मचारी उनकी कुछ भी बात सुनने को तैयार नहीं हो रहे थे लिहाजा किसानों का आक्रोश बढ़ गया और उनके द्वारा इसकी लिखित शिकायत तहसीलदार रामपुर नैकिन, थाना रामपुर नैकिन के साथ एसडीएम रामपुर नैकिन/चुरहट से करते हुये तत्काल कार्य बंद कराने की मांग की। प्रशासनिक अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के पश्चात उनके द्वारा विवाद को खत्म कराने के लिये प्रथम चरण में बैठक का आयोजन ग्राम कुआं में किया गया। इसमें किसान, कलेक्टर प्रतिनिधि तथा कम्पनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान कम्पनी के प्रतिनिधि शासन के नियमानुसार मुआवजा भुगतान करने की बजाय तरह-तरह की बहानेबाजी करते रहे। लिहाजा कलेक्टर प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित तहसीलदार द्वारा स्पष्ट रूप से कहा गया कि कम्पनी को शासन की गाइड लाइन के अनुसार काम करना होगा। कम्पनी को किसानों को मुआवजा देना पड़ेगा। जिस पर कोई निर्णय नहीं निकल सका। बाद में कलेक्टर सीधी के निर्णय पर सभी की उम्मीदें टिक गई।

उधर मुआवजा भुगतान में विवाद की स्थिति की जानकारी चुरहट विधायक एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष म.प्र. विधानसभा अजय सिंह राहुल के पास पहुंचने पर उनके द्वारा स्पष्ट रूप से मांग की गई कि किसानों की सहमति के बिना खेतों में टावर निर्माण तत्काल रोका जाय। श्री सिंह ने इस मामले में मुख्यमंत्री से त्वरित हस्ताक्षेप की मांग करते हुये किसानों को अडानी कम्पनी द्वारा चार गुना मुआवजा देने की मांग उठाई है।

००

जन आंदोलन करने का अल्टीमेटम

पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल ने साफ तौर पर कहा है कि किसान सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन कर उन्हें वर्तमान बाजार मूल्य से चार गुना ज्यादा मुआवजा मांग रहे हैं, उनकी यह मांग नियमानुसार है। ऐसे में कम्पनी के दबाव में मनमानी और तानाशाही क्यों सामने आ रही है। श्री सिंह ने साफ तौर पर कहा है कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है और उनके हितों के लिये आर-पार की लड़ाई लड़ेगी। अगर किसानों के हक पर डाका डाला गया तो पूरे क्षेत्र में चक्काजाम और जन आंदोलन किया जायेगा।

००

किसानों को टावर कम्पनी का भरोसा नहीं

रामपुर नैकिन अंचल के जिन क्षेत्रों में कम्पनी द्वारा टावर लगाने का कार्य शुरू किया गया है वहां के किसानों में अब तानाशाही को लेकर काफी असंतोष और आक्रोश की स्थिति निर्मित है। उनका कहना है कि किसानों को टावर कम्पनी पर कोई भरोसा नहीं है। टावर कम्पनी द्वारा प्रारंभिक कार्य के दौरान ही किसानों को समानता के आधार पर शासन की गाइडलाइन के अनुसार मुआवजा का वितरण करने की जरूरत नहीं समझी गई। कम्पनी की मंशा है कि हर किसान को अपने अनुसार मुआवजा किश्तों में दे।

०००००००००००००

Next Post

चरमराई विद्युत व्यवस्था के खिलाफ चिमनी यात्रा निकाल युवा कांग्रेस ने भरी हुंकार

Wed Jun 3 , 2026
सीधी। युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह दादू के नेतृत्व में 2 जून को चिमनी यात्रा निकालकर सीधी जिले में काफी समय से विद्युत समस्याएं झेल रही जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर युवा कांग्रेस खड़ी हुई नजर आई। उक्त यात्रा का प्रारंभ जिले के केन्द्र बिन्दु गांधी चौराहा […]

You May Like