जबलपुर: पिछले 3 माह से वेतन न मिलने से नाराज सफाई कर्मियों ने गुरूवार को शारदा चौक में एकत्रित होकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और नगर निगम प्रशासन से मांग की कि उनका वेतन जल्द से जल्द दिलवाया जाए। जानकारी के अनुसार आक्रोशित सफाई कर्मचारियों में महिला सफाई कर्मी भी शामिल थीं जिन्होंने प्रतीकात्मक स्वरूप गुरूवार को मदनमहल वार्ड में एक दिन की कामबंद हड़ताल की और प्रशासन को चेतावनी दी कि उनकी मांगों पर जल्द कोई कदम नहीं उठाया गया तो आने वाले दिनों में अनिश्चितकालीन हड़ताल सफाई कर्मियों द्वारा की जाएगी।
प्रदर्शनकारी सफाई कर्मी नीतू, आनंद, राजू सहित अन्य ने बताया कि बर्फानी ठेकेदार द्वारा सफाई कर्मियों का वेतन नहीं दिया गया है जिसके कारण सफाई कर्मियों की आर्थिक स्थिति बिगड़ती चली जा रही है। इसलिए अब उन्होंने निर्णय लिया है कि जब तक वेतन नहीं मिलेगा तब तक वे मदनमहल वार्ड में सफाई नहीं करेंगे।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
इस संबंध में स्वच्छता अधिकारी अंकिता बर्मन ने नवभारत को बताया कि शहर में लगभग सभी जहग सफाई कर्मियों का वेतन हो गया है। इक्का दुक्का जगह सिर्फ बर्फानी ठेकेदार द्वारा कुछ माह का वेतन नहीं दिया गया है जहां प्रदर्शन किए जा रहे हैं। निगम प्रशासन द्वारा हस्तक्षेप कर सफाई कर्मियों का वेतन दिलाने का काम लगातार किया जा रहा है जिससे सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो सके। विदित हो कि पहले मदनमहल वार्ड बर्फानी ठेकेदार के अंडर में आता था लेकिन अब यहां का ठेका दूसरी समिति के पास चला गया है।
