जबलपुर: जिले के कटंगी स्थित सीएम राइज कन्या शाला एक बार फिर विवादों में आ गई है। कक्षा 9वीं के परीक्षा परिणाम में 65 छात्राओं को सप्लीमेंट्री दिए जाने पर अभिभावकों और सामाजिक संगठनों में नाराजगी देखी जा रही है। आरोप है कि कई होनहार छात्राओं को भी एक ही विषय में अनुत्तीर्ण किया गया है, जबकि कुछ अभिभावक यह भी दावा कर रहे हैं कि प्रभावशाली लोगों की छात्राओं को पास किया गया। वहीं, पुनर्मूल्यांकन के नाम पर प्रति छात्रा 50 रुपये लेने और बाद में कोई राहत न मिलने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
इस मुद्दे को लेकर हिन्दु धर्म सेना के प्रदेश अध्यक्ष नीरज राजपूत के नेतृत्व में कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने स्कूल का आकस्मिक निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की जांच कराने की मांग की है। सबसे अधिक आपत्ति सामाजिक विज्ञान विषय को लेकर जताई जा रही है, जहां एक शिक्षिका पर नियमित रूप से अनुपस्थित रहने के आरोप भी लगाए गए हैं। इस मौके पर संगठन के पदाधिकारी योगेश अग्रवाल (संस्थापक), नीरज राजपूत (प्रदेश अध्यक्ष), मुकेश रजक, अविनाश सुखदान, अभय राजपूत, भारत पासी, अर्पित जायसवाल, रोहित वेन, परमदीप, कार्तिक सहित अन्य मौजूद रहे।
