भिंड: लहार थाना क्षेत्र के अजनार रोड पर नानपुरा पुलिया के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली नहर में पलट गई। इस हादसे में तीन किसानों की मौत हो गई। मृतक लहार के रावतपुरा सानी गांव निवासी बलवीर सिंह चौहान, झींगुरी चौहान और शिवेन्द्र सिंह उर्फ शिब्बू चौहान थे। तीनों एक ही परिवार के सदस्य बताए गए हैं।तीनों किसान उत्तर प्रदेश से धान की फसल बेचकर अपने गांव रावतपुरा सानी लौट रहे थे।
नानपुरा पुलिया के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर नहर में पलट गई। ट्रैक्टर पर सवार तीनों लोग उसके नीचे दब गए। आसपास खेतों में पानी दे रहे किसानों ने पलटी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली देखी और तत्काल लहार पुलिस को सूचना दी। तीन किसानों की मौके पर ही मौत हो गई।सूचना मिलते ही लहार थाना प्रभारी शिव सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। क्रेन मंगवाकर और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को निकाला गया। उन्हें सिविल अस्पताल लहार पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
