इंदौर:चोइथराम मंडी जो प्रदेश की सबसे बड़ी मंडियों में गिनी जाती है, लंबे समय से अव्यवस्था और ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रही है. मंडी परिसर में अक्सर वाहन अव्यवस्थित तरीके से खड़े कर दिए जाते हैं और व्यापारी सड़क पर ही सब्जियों की बिक्री करने लगते हैं.इससे अंदर आने-जाने वाले वाहनों को काफी परेशानी होती है और दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है.
इस अव्यवस्था का असर न केवल व्यापारियों और किसानों पर पड़ता है, बल्कि माल लाने-ले जाने वाले अन्य लोगों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. इसी समस्या को देखते हुए मंडी सचिव ओपी खेड़े ने एक नई पहल की है. इसके तहत मंडी की सड़कों के दोनों ओर पीली लाइन खींची गई है और व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने वाहन और व्यापार केवल इन लाइनों के अंदर ही करें. चेतावनी दी गई है कि लाइन के बाहर सामान या वाहन रखने पर कार्रवाई की जा सकती है.
आवाजाही आसान होगी
मंडी प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से सड़कों पर जगह खाली रहेगी, जिससे बड़े और छोटे वाहनों की आवाजाही आसान होगी और ट्रैफिक जाम की समस्या में काफी हद तक कमी आएगी. सचिव के अनुसार, यदि व्यापारी नियमों का पालन करते हैं तो मंडी में व्यवस्था बेहतर होगी और किसानों व व्यापारियों दोनों को इसका सीधा लाभ मिलेगा.
