महू:मानपुर थाना क्षेत्र में जानापाव के पास दो युवकों की मौत का मामला अब हत्या में बदल गया है. जिसे पुलिस पहले सड़क हादसा समझ रही थी, वह दरअसल रंजिश के चलते किया गया हमला निकला. घायल युवक के चौंकाने वाले बयान के बाद केस की दिशा बदल ही बदल गई है.ज्ञात हो कि घायल युवक बलराम ने पुलिस को अपने बयान में बताया कि 29 अप्रैल की रात वह अपने दोस्तों के साथ नांदेड़ में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे, जहां कुछ लड़कों से उनकी मामूली कहासुनी हुई थी.
जब शादी के बाद दोस्तों के साथ वह लौट रहा था, तभी रास्ते में दो बाइक और एक्टिवा पर सवार करीब 6 बदमाशों ने उन्हें रोका और जानबूझकर उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद हम गिर गए. बलराम के मुताबिक, गिरने के बाद बदमाशों ने उन पर चाकुओं से हमला कर दिया. इस हमले में शैलेंद्र (निवासी कुलवाड़ी) और अतुल मकवाना की मौत हो गई, जबकि बलराम के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं. पुलिस ने अब इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है.
आक्रोशित परिजनों ने किया थाने का घेराव
इधर, इंसाफ की मांग को लेकर मृतकों और घायल के आक्रोशित परिजन शनिवार सुबह थाने पहुंचे और आक्रोश व्यक्त किया. परिजनों ने सुबह से ही मानपुर थाने को घेर रखा है. परिजन का कहना है कि पुलिस ने जिन संदिग्धों को पकड़ा है, उनकी शक्ल दिखाई जाए, लेकिन पुलिस अभी पहचान उजागर नहीं कर रही है. थाना प्रभारी महेंद्र मकाशले ने बताया कि पुलिस ने दो आरोपियों की पहचान कर ली है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कत्ल के नजरिए से कर रही है. उन्होंने जल्द ही बाकी आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है.
