इंदौर:क्राइम ब्रांच ने ऑनलाइन गेमिंग सट्टा चलाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी वेबसाइट के जरिए लोगों को आईडी-पासवर्ड उपलब्ध कराकर सट्टा खिलवा रहा था. उसके मोबाइल से लाखों रुपए के ट्रांजेक्शन भी मिले हैं. एरोड्रम थाना क्षेत्र की धर्मराज कॉलोनी में ऑनलाइन सट्टा संचालित होने की सूचना पर क्राइम ब्रांच ने दबिश दी.
यहां से शुभम उर्फ मोनु यादव को पकड़ा गया. उसके कब्जे से दो मोबाइल और एक एलईडी टीवी जब्त किए हैं, जिनकी कीमत करीब एक लाख रुपए बताई गई है. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वेबसाइट (ऑल पैनल एक्सचेंज 9 डाट को) के माध्यम से लोगों को पैसे लेकर गेमिंग आईडी और पासवर्ड देता था. साथ ही वेबसाइट पर कॉइन्स उपलब्ध कराकर ऑनलाइन सट्टा खिलवाता था.
ब्याज पर रुपए चलाने का धंधा करता है आरोपी
डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी ब्याज पर रुपए देने का काम करता है और 10वीं तक पढ़ा है. उन्होंने बताया कि मामले में क्राइम ब्रांच थाना में आरोपी के खिलाफ पब्लिक गैम्बलिंग एक्ट, बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, जिसमें अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना है.
