
बनखेड़ी। बनखेड़ी रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक पर मिली बिना सिर की अज्ञात लाश की पहचान हो गई है। मृतक का नाम मनीष अहिरवार पिता रूपा अहिरवार (उम्र 22 वर्ष), निवासी ग्राम सिंहपुर, थाना बनखेड़ी, जिला नर्मदापुरम् बताया गया है।
जीआरपी आरक्षक शिवप्रताप सिंह ने बताया कि सुबह ट्रैक पर बिना सिर का शव मिलने की सूचना मिली थी। शव की स्थिति ऐसी थी कि तत्काल पहचान संभव नहीं हो पा रही थी। बाद में सोशल मीडिया पर सूचना प्रसारित की गई, जिसमें बताया गया कि मृतक के दाएं हाथ में तीन स्टार और बाएं हाथ में दो स्टार के टैटू बने हैं। इसी आधार पर परिजनों ने शव की पहचान मनीष अहिरवार के रूप में की।
घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी और थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि युवक की मौत ट्रेन से गिरने, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई है।
