लॉस एंजिल्स, 15 फरवरी (वार्ता) नासा के क्रू-12 मिशन के लिए चार अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर गया स्पेस-एक्स का ड्रैगन अंतरिक्ष यान स्वचालित रूप से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से जुड़ गया है।यह अंतरिक्ष यान शुक्रवार सुबह 5:15 बजे (पूर्वी समयानुसार) अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के केप कैनावेरल स्पेस फोर्स स्टेशन से फाल्कन-9 रॉकेट के माध्यम से प्रक्षेपित हुआ था। यह शनिवार दोपहर लगभग 3:15 बजे (पूर्वी समयानुसार) आईएसएस के हार्मनी मॉड्यूल के स्पेस-फेसिंग पोर्ट से जुड़ गया।चार सदस्यीय दल में नासा की अंतरिक्ष यात्री जेसिका मीर और जैक हैथवे, यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ईएसए) की अंतरिक्ष यात्री सोफी एडेनोट और रूस की अंतरिक्ष एजेंसी रोस्कोस्मोस के कॉस्मोनॉट आंद्रेई फेद्यायेव शामिल हैं।
नासा के अनुसार, लगभग आठ महीने के इस मिशन के दौरान क्रू-12 वैज्ञानिक अनुसंधान करेगा, जिसका उद्देश्य निम्न पृथ्वी कक्षा से परे मानव अन्वेषण की तैयारी करना और पृथ्वी पर जीवन को लाभ पहुंचाना है।
मिशन के तहत दल निमोनिया पैदा करने वाले बैक्टीरिया का अध्ययन करेगा, जिससे हृदय संबंधी उपचारों में सुधार में मदद मिल सके। इसके अलावा, भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों के लिए ऑन-डिमांड अंतःशिरा (इंट्रावीनस) द्रव उत्पादन तकनीकों का परीक्षण किया जाएगा। अंतरिक्ष यात्रा के दौरान रक्त प्रवाह पर शारीरिक विशेषताओं के प्रभाव का भी अध्ययन किया जाएगा।
अन्य प्रयोगों में पौधों के स्वास्थ्य की स्वचालित निगरानी, तथा पौधों और नाइट्रोजन-स्थिर करने वाले सूक्ष्मजीवों के बीच अंतःक्रियाओं पर शोध शामिल है, जिससे अंतरिक्ष में खाद्य उत्पादन को बेहतर बनाया जा सके।
