नयी दिल्ली, 15 जून (वार्ता) आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अमेरिकी हमले में तीन भारतीयों की मौत पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से दो टूक कहा कि जल्द ही भारत में एक मजबूत प्रधानमंत्री होगा, जो अमेरिका से हर अपमान और हत्या का बदला लेगा।
श्री केजरीवाल ने एक्स पर डोनाल्ड ट्रम्प को संबोधित करते हुए आज कहा कि जिन भारतीयों की जान गई है, उसके लिए आपको जवाबदेह ठहराया जाएगा। आप एक कायर और बेरहम हत्यारे हैं। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पर चुप हैं। लेकिन जल्द ही, भारत को एक मजबूत प्रधानमंत्री मिलेगा। वह प्रधानमंत्री आपको आपके कुकर्मों की सजा जरूर देगा।
उन्होंने जारी वीडियो में कहा, “आज पूरे देश का खून खौल रहा है। लोग बहुत ज्यादा गुस्से में हैं। ट्रंप ने तीन जहाजों के ऊपर हमला किया। गत 08 , 10 और 11 जून को हुए इन हमलों के दौरान जहाजों में भारत के 68 लोग सवार थे, जिनमें से तीन भारतीय मारे गए। लेकिन हमारे प्रधानमंत्री ने एक शब्द नहीं बोला। आठ जून को हमला हुआ, प्रधानमंत्री चुप रहे। फिा 10 और 11 जून को हमला हुआ, तब भी वह चुप रहे। दस जून को ट्रंप ने ट्वीट करके प्रधानमंत्री जी को सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाला प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी। इसके जवाब में प्रधानमंत्री ने भी ट्वीट करके ट्रंप को धन्यवाद कहा और लिखा कि वह उनके साथ काम करने के लिए उत्सुक हैं। इसका क्या मतलब है? प्रधानमंत्री उस हत्यारे के साथ काम करने के लिए उत्सुक क्यों हैं, जिसने तीन भारतीयों की हत्या की है?
आप नेता ने कहा कि हद तो तब हो गई जब हमारे देश के विदेश मंत्री ने अमेरिका के सेक्रेटरी ऑफ स्टेट रुबियो को फोन किया, तो अमेरिका ने उल्टे भारत को ही दोबारा धमकी दे दी। अमेरिका ने तीन भारतीयों की मौत पर कोई खेद या अफसोस नहीं जताया। उसने हमारे विदेश मंत्री को धमकी दी कि अगर अमेरिका के आदेश नहीं मानोगे, तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। आखिर यह क्या है? प्रधानमंत्री ट्रंप के सामने इतने मजबूर क्यों हैं?
आप के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि जब प्रधानमंत्री विदेश यात्राओं पर जाते हैं, तो एयरपोर्ट पर तालियां बजाने के लिए वहां रह रहे भारतीयों को बुला लेते हैं। वहां उनके डांस और बच्चों के साथ अपनी तस्वीरें ट्वीट करके प्रधानमंत्री यह बताने की कोशिश करते हैं कि भारतीय उनसे कितना प्रेम करते हैं। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या वह विदेशों में रहने वाले इन भारतीयों से प्रेम करते हैं? अमेरिका के हाथों भारत के तीन नागरिक मारे गए, लेकिन मोदी जी ने इस पर एक शब्द भी नहीं बोला।
श्री सिसोदिया ने कहा कि आज समुद्री जहाजों में बड़ी संख्या में भारतीय फंसे हुए हैं और उन्हें यह डर है कि अमेरिकी हमले में कहीं उनकी जान न चली जाए। उनके परिवार सहमे हुए हैं और करोड़ों भारतीय उनके लिए चिंता कर रहे हैं। लेकिन प्रधानमंत्री एक शब्द नहीं बोल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आजकल लोगों के बीच यह चर्चा चल रही है कि डोनाल्ड ट्रंप ने श्री मोदी की कोई बड़ी दुखती रग दबा रखी है। यही वजह है कि ट्रंप चाहे कुछ भी कर लें, प्रधानमंत्री उनके खिलाफ कभी एक शब्द नहीं बोलेंगे। अगर यह बात सच नहीं है, तो दिखा दीजिए कि 56 इंच का सीना क्या होता है।
