
झाबुआ. झाबुआ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर एक महीने तक चलने वाले ‘सेवा-संकल्प अभियान’ की शुरुआत हुई। जिला स्तरीय कार्यक्रम पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया, जिसमें महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया और प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान हाथीपावा पहाड़ी पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। जिले में अभियान के तहत एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। पहले दिन वन विभाग और ‘शिवगंगा’ के सहयोग से हाथीपावा क्षेत्र में दो हजार पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा की पौधारोपण के साथ पौधों की नियमित देखभाल भी जरूरी है। वहीं प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह ने हाथीपावा क्षेत्र का दौरा कर सफाई अभियान चलाने और आसपास की पहाड़ियों पर भी पौधारोपण करने के निर्देश दिए।
पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में मंत्री भूरिया ने ‘नमो सेवा संकल्प प्रदर्शनी’ का अवलोकन किया। इस दौरान अभियान की कार्ययोजना पुस्तिका और कैलेंडर का विमोचन भी किया गया। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने अगले 30 दिनों की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि अभियान के तहत 14 प्रमुख गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में जिले के 11 प्रमुख स्थानों पर सात लाख दीपक जलाए जाएंगे। ‘जीवन धारा’ के तहत रक्तदान महाअभियान चलाया जाएगा, जबकि 7 से 9 अक्टूबर तक बड़े स्वास्थ्य शिविर आयोजित होंगे। 2 अक्टूबर को विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान रक्तदान करने वाले लोगों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। आजीविका मिशन से जुड़े 13 स्व-सहायता समूहों को कुल 102.40 लाख रुपये के ऋण के डेमो चेक प्रदान किए गए। इसके अलावा विभिन्न लाभार्थियों को आर्थिक सहायता और स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार, जिला पंचायत सीईओ जितेंद्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सीएस सोलंकी, एसडीएम महेश मंडलोई समेत कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।
