31 वाहन मालिकों को नोटिस, पंजीयन निरस्त की तैयारी
इंदौर: शहर में लगातार ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. जिसके तहत नियमों की दस से अधिक बार अवहेलना करने वाले 31 वाहन मालिकों को पंजीयन निरस्तीकरण के नोटिस दिए है.क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देश पर की जा रही है.
बीते दिनों इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए थे कि जो वाहन दस से अधिक बार ट्रैफिक नियम तोड़ चुके हैं, उनके पंजीयन निरस्त किए जाएं. शर्मा ने बताया कि स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कंपनी द्वारा आरटीओ को 31 ऐसे वाहनों की सूची सौंपी गई है, जिन पर रेड लाइट जंप करने सहित गंभीर ट्रैफिक उल्लंघनों के दस से ज्यादा प्रकरण दर्ज हैं, इन सभी वाहन स्वामियों को नोटिस भेज दिए गए हैं और उनसे सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है.
यदि निर्धारित समय में वाहन मालिकों की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो पहले उनके वाहन का पंजीयन निलंबित किया जाएगा और इसके बाद निरस्तीकरण की प्रक्रिया अपनाई जाएगी. आरटीओ अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यह कदम ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने और शहर में सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने की दिशा में उठाया गया है. बार-बार नियम तोड़ने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा.
