मैनपुरी, 20 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश में मैनपुरी जिले के करहल क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोनौली डिपो की रोडवेज बस महराजगंज से यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही थी कि एक्सप्रेस वे के माइलस्टोन 86.700 के पास बस आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में उसके पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची तथा रेस्क्यू अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को इलाज के लिए उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (सैफई पीजीआई) भेजा गया। उन्होने बताया कि हादसे में संतकबीरनगर जिला निवासी सुनील शर्मा (45) की मौत हो गई जबकि 20 लोग घायल हो गए। एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने बताया कि ओवरटेक के दौरान हादसा हुआ है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
