इंदौर: नगर निगम में आज अमृत 2.0 और नदी नालों के सफाई कार्यों को लेकर आयुक्त ने बैठक ली. बैठक में सिंहस्थ को लेकर नदी नालों में सफाई कार्य की प्राथमिकता पर करने के निर्देश दिए. वहीं नमामि गंगे अभियान एवं अमृत 2.0 की तैयारियों को लेकर वर्तमान कार्यों को समीक्षा के साथ आउट फॉल टेपिंग कार्य को समय सीमा में पूरा करने के अधिकारियों को आदेश दिए.
आयुक्त शिवम वर्मा ने आज इंदौर स्मार्ट सिटी कार्यालय में आगामी सिंहस्थ 2028, नमामि गंगे अभियान एवं अमृत प्रोजेक्ट 2.0 की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली. बैठक में आयुक्त वर्मा ने कहा कि आगामी सिंहस्थ को दृष्टिगत रखते हुए शहर में नदी एवं नालों की सफाई कार्य को प्राथमिकता से पूरा किया जाए. इसके साथ ही आउट फॉल टेपिंग कार्यों की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए.
उन्होंने बताया कि सिंहस्थ महाकुंभ आयोजन में इंदौर की छवि को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए देश की प्रतिष्ठित कंपनियों एवं प्रमुख शिक्षण संस्थानों के साथ मिलकर नवीन तकनीक का उपयोग किया जाएगा. इस क्रम में फ्लोटिंग एयरेटर्स, फ्लोटिंग वेटलैंड और अन्य आधुनिक तकनीक अपनाने हेतु हैकेथान आयोजित करने की योजना बनाई गई है.
वर्तमान में आधुनिक और टिकाऊ तकनीक को अपनाकर जल संरक्षण एवं स्वच्छता के क्षेत्र में नए प्रयोग किए जा सकें. बैठक में आयुक्त ने निर्देश दिए कि नदी एवं नालों के किनारे स्थित अवैध अतिक्रमण को हटाया जाए, ताकि स्वच्छता कार्यों में कोई बाधा न उत्पन्न हो. साथ ही नमामि गंगे अभियान एवं अमृत प्रोजेक्ट 2.0 से संबंधित सभी कार्यों के साथ-साथ अन्य विकास परियोजनाओं को भी चरणबद्ध तरीके से पूर्ण करने के आदेश दिए.
अधोसंरचना कार्य समय से पूर्ण करें
उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में विकास कार्य प्रारंभ करने से पहले आवश्यक अधोसंरचना कार्य समय से पूर्ण कर लें, ताकि भविष्य में निर्माण कार्य के पश्चात सड़कों की अनावश्यक खुदाई या तोड़फोड़ की स्थिति उत्पन्न नहीं हो. बैठक में अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया, कार्यपालन यंत्री विवेश जैन, लक्ष्मीकांत वाजपेई, नदीम खान, आकाश जैन सहित कंसल्टेंट्स एवं प्रोजेक्ट से जुड़े विभिन्न कंपनी के अधिकारी उपस्थित थे.
