रेहटी. उपचार के बहाने नागपुर के निवासी को बुलाकर उसके साथ लाखों की लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आधा दर्जन आरोपियों को पुलिस ने एक ही दिन में दबोचते हुए उनके कब्जे से लाखों रुपए की नगदी और जेवरात जब्त किए हैं.
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार नागपुर महाराष्ट्र निवासी पिंटू उर्फ दुर्गादास साकोरे ने गत 15 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह सलकनपुर में एक व्यक्ति से उपचार कराने आया था. आरोपी ने उसे बहाने से सुनसान स्थान पर बुलाकर अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी कार के पास लूट की वारदात को अंजाम दिया है. उसका कहना था कि बदमाश उसके पास से ढाई लाख रुपए नगद, ढाई तोला सोने की चैन आदि लूटकर ले गए.
पुलिस ने तत्परता बरतते हुए कार से जा रहे प्रकाश नाथ उर्फ गोस्वामी, सुन्दर नाथ, शिवनाथ, सुरेन्द्र सारवाना, देवेन्द्र नाथ और भुजवल नाथ नामक आरोपियों को पकड़ते हुए उनसे पूछताछ की तो उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया. आरोपियों के पास से पुलिस ने लूटी गई नगदी और चैन बरामद करते हुए उनसे पूछताछ प्रारंभ कर दी है.
