वॉशिंगटन। अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में आयोजित प्रतिष्ठित व्हाईट हाउस करेस्पांडेंट डिनर के दौरान अचानक फायरिंग की घटना से अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा एजेंसियों ने तत्परता दिखाते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। बाद में यूएस सीक्रेट सर्विस ने पुष्टि की कि राष्ट्रपति और अन्य सभी संरक्षित व्यक्ति पूरी तरह सुरक्षित हैं।
घटना होटल परिसर के उस हिस्से में हुई जहां मेहमानों की सुरक्षा जांच चल रही थी। चश्मदीदों के मुताबिक, कई तेज धमाकों जैसी आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद हथियारबंद सुरक्षाकर्मी तेजी से सक्रिय हुए और मीडिया कर्मियों को सुरक्षित बाहर ले जाया गया।
राष्ट्रपति की प्रेस सचिव कैरोलिन लिएविट ने बताया कि ट्रंप पूरी तरह सुरक्षित हैं और वे देर रात व्हाइट हाउस में राष्ट्र को संबोधित करेंगे। खुद ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वे बिल्कुल ठीक हैं।
सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता एंथनी गुगलिएलमी के अनुसार, घटना के बाद एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल फायरिंग के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हैं।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब देश में पहले से ही सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है, जिससे इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
