ईरान के तीन-सूत्री उल्लंघन के दावों पर बोले वेंस, ‘हमेशा पेचीदा होते हैं युद्धविराम’

वॉशिंगटन/तेहरान, 09 अप्रैल (वार्ता) अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान द्वारा युद्धविराम समझौते के तीन बिंदुओं के उल्लंघन के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “युद्धविराम हमेशा पेचीदा होते हैं।” श्री वेंस ने हंगरी से प्रस्थान से पहले संवाददाताओं से बातचीत में ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर ग़ालिबाफ़ के उस बयान पर टिप्पणी की, जिसमें उन्होंने वॉशिंगटन पर युद्धविराम के तीन प्रावधानों के जानबूझकर उल्लंघन का आरोप लगाया था। वेंस ने कहा कि यदि श्री ग़ालिबाफ़ के पास केवल तीन असहमति के बिंदु हैं, तो इसका अर्थ है कि काफी हद तक सहमति भी है।
श्री वेंस ने कहा, “युद्धविराम हमेशा थोड़ा अव्यवस्थित होता है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा युद्धविराम की घोषणा के एक घंटे के भीतर ही ईरान ने पड़ोसी देशों पर कई मिसाइलें दागीं, जिसके बाद इज़रायल और कुछ खाड़ी अरब देशों ने जवाबी कार्रवाई की।”

उन्होंने कहा, “यही युद्धविराम की प्रकृति है। कोई भी युद्धविराम बिना कुछ उतार-चढ़ाव के नहीं होता। हम स्पष्ट रूप से यह चाहते हैं कि बमबारी रुके। हम अपने सहयोगियों से भी बमबारी रोकने को कहते हैं और ईरान से भी यही अपेक्षा रखते हैं। हमें संकेत मिल रहे हैं कि स्थिति सही दिशा में जा रही है, लेकिन इसमें थोड़ा समय लगेगा।” श्री वेंस ने यह भी कहा कि उन्हें यह “दिलचस्प” लगा कि श्री ग़ालिबफ़ ने कहा कि ईरान अपने समृद्ध यूरेनियम के बड़े भंडार को छोड़ने के अपने “अधिकार” से पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा, “हम इस बात की चिंता नहीं करते कि वे क्या करने का अधिकार होने का दावा करते हैं, बल्कि इस बात पर ध्यान देते हैं कि वे वास्तव में क्या करते हैं।”

Next Post

विश्व नवकार महामंत्र दिवस पर 108 देशों में एक साथ जाप, भोपाल में गूंजी श्रद्धा की स्वर लहरियां

Thu Apr 9 , 2026
भोपाल। विश्व नवकार महामंत्र दिवस के अवसर पर राजधानी सहित देश-विदेश में भक्ति और आस्था का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन जीतो के तत्वावधान में 108 देशों में एक साथ नवकार महामंत्र का पाठ किया गया। भोपाल में जवाहर चौक जैन मंदिर सहित लगभग 50 स्थानों पर […]

You May Like