
सीधी।मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा मंडी उत्पाद शुल्क बढ़ाए जाने के विरोध में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ, भोपाल तथा जिला कांग्रेस कमेटी सीधी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह के निर्देशानुसार कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मंडी कार्यालय सीधी पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने मंडी शुल्क को 1.5 प्रतिशत किए जाने के निर्णय का कड़ा विरोध करते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि मंडी शुल्क में वृद्धि से किसानों और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा, जिससे कृषि एवं व्यापार दोनों क्षेत्र प्रभावित होंगे।
कांग्रेस ने मांग की कि मंडी शुल्क संबंधी किसी भी नई नीति को लागू करने से पूर्व व्यापारी संगठनों, किसान प्रतिनिधियों एवं अन्य संबंधित हितधारकों के साथ व्यापक चर्चा कर सर्वसम्मति से निर्णय लिया जाए। साथ ही ऐसी व्यापार एवं कृषि नीति बनाई जाए, जिससे किसानों और व्यापारियों पर किसी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक भार न पड़े। भविष्य में शुल्क वृद्धि अथवा नीतिगत परिवर्तन से पहले सभी संबंधित पक्षों के साथ विस्तृत विमर्श सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी सीधी उद्योग एवं व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, जिला कांग्रेस कमेटी सीधी के संगठन महासचिव ज्ञानेन्द्र अग्निहोत्री, महासचिव जय सिंह, सचिव उमेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष रजनीश श्रीवास्तव, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विवेक सिंह, उपाध्यक्ष सानेन्द्र सिंह, शुभम पटेल, राहुल पाण्डेय, सद्दाम पाण्डेय सहित अनेक कांग्रेसजन, व्यापारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
