जबलपुर:कटंगी-जबलपुर मार्ग पर एक अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से ई-रिक्शा पलट गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा बीच सडक़ पर पलटने से उसमें सवार लोग नीचे दब गए। जिन्हें रहागीरों की मदद से निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया ।कटंगी पुलिस के मुताबिक अमखेरा निवासी सुमित कुमार अपने पिता प्रवीण कुमार और अन्य साथियों ठुमुकलाल, सुशीला, गौरी, ताजुल और हेतराम के साथ कटंगी के मदार चौक में सेन्टिंग का काम करने आए थे।
जब वे काम खत्म कर वापस जबलपुर जा रहे थे, सुमित और हेतराम मोटर साइकिल पर पीछे थे, जबकि बाकी साथी ई-रिक्शा से आगे चल रहे थे। कटंगी-जबलपुर मार्ग पर मोहला त्रिगड्डा के पास जैसे ही पहुंचे तभी ट्रक क्रमांक एमपी 20 जेड यू 0206 का चालक वाहन को तेज रफ्तार एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुए लाया और पीछे से ई रिक्शा में टक्कर मार दी। चालक हादसे के बाद वाहन लेकर मौके से फरार हो गया । टक्कर से ई रिक्शा पलट गया ।
हादसे के तुरंत बाद मोटरसाइकिल से पीछे आ रहे सुमित और हेतराम ने घायलों की मदद की। उन्होंने रिक्शा के नीचे दबे साथियों को बाहर निकाला। हादसे में प्रवीण कुमार, ठुमुकलाल यादव, सुशीला यादव, गौरी नुनिया और चालक ताजुल हुसैन को सिर, हाथ-पैर और सीने में गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद सुमित ने निजी कार का इंतजाम किया और सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जबलपुर भेजा। शिकायतकर्ता सुमित कुमार की रिपोर्ट पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
