ढाका, (वार्ता) बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड की महिला समिति के चेयरमैन रफ़ीकुल इस्लाम बाबू ने मौजूदा एशिया कप के सेमीफ़ाइनल में हरमनप्रीत कौर से हाथ न मिलाने के राष्ट्रीय कप्तान निगार सुल्ताना के फ़ैसले का बचाव किया, लेकिन साफ़ किया कि यह बोर्ड का फ़ैसला नहीं था।
पिछले साल पुरुषों के एशिया कप के बाद से, दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव के कारण भारतीय कप्तानों ने अपने पाकिस्तानी समकक्षों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया है। अचानक, गुरुवार को निगार ने भी इसी राह पर चलने का फ़ैसला किया।
बाबू ने कहा, “बेशक, यह उनका अपना फ़ैसला था (हरमनप्रीत से हाथ न मिलाना)। हमारा मानना है कि खेल दुनिया को एक साथ लाते हैं। हम सभी देशों के साथ दोस्ताना रिश्ते चाहते हैं, न कि सिर्फ़ भारत के साथ, इसलिए उन्होंने जो कुछ भी किया, वह पूरी तरह से उनका निजी फ़ैसला था।”
150 रन का पीछा करते हुए भारत से सेमीफ़ाइनल में 40 रन से हारने के बाद बंगलादेश मौजूदा एशिया कप से बाहर हो गया। बाबू ने संकेत दिया कि आगामी एशियाई खेलों के बाद बंगलादेश की कप्तान के तौर पर निगार के भविष्य का आकलन किया जाएगा, क्योंकि उनके ख़िलाफ़ दुर्व्यवहार की शिकायतें दर्ज की गई हैं।
“हमने बोर्ड अध्यक्ष के साथ इस मामले (प्रदर्शन और शिकायत) पर पूरी चर्चा की है और चूँकि वे एशियाई खेलों में व्यस्त हैं, इसलिए हम खेलों के समापन के बाद स्थिति का आकलन करेंगे।
बाबू ने कहा, “सबसे पहले, हम देखेंगे कि टीम एशियाई खेलों में कैसा प्रदर्शन करती है, फिर तय करेंगे कि क्या करने की ज़रूरत है। टीम में कई कमियाँ हैं। हम बड़ी टीमों को हराने में कामयाब नहीं हो पाए हैं। हमने वर्ल्ड कप में भी अच्छा खेला, लेकिन छोटी-छोटी गलतियों की वजह से हार गए। हम टीम को मज़बूत और ज़्यादा प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए काम कर रहे हैं। एशियाई खेलों के बाद हम तय करेंगे कि क्या किया जा सकता है।”
