
छतरपुर। आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर यादव की 1 मार्च को प्रस्तावित सभा को लेकर प्रशासनिक स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। सभा के आयोजन के लिए अनुमति का आवेदन दिया गया है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक इसकी स्वीकृति जारी नहीं की गई है। इस कारण आयोजन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है और जिले में इस विषय पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि सभा के लिए अनुमति देने संबंधी प्रक्रिया अभी जारी है और अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन सभी आवश्यक पहलुओं, सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की स्थिति का आकलन कर रहा है। सभा और संकल्प यात्रा को लेकर कुछ संगठनों द्वारा विरोध दर्ज कराया गया है, वहीं समर्थकों द्वारा कार्यक्रम के समर्थन में भी तैयारी की जा रही है, जिससे स्थिति संवेदनशील मानी जा रही है।
इस बीच पुलिस प्रशासन ने एहतियातन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की भड़काऊ पोस्ट, अफवाह या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य जिले में शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना है।
