एशिया पैसिफिक टचबॉल चैंपियनशिप के लिए पंजाब पुलिस की कुलदीप कौर भारतीय महिला टीम की कप्तान, मनदीप कौर उपकप्तान नियुक्त

जालंधर, 06 जुलाई (वार्ता) ताइवान (चीनी ताइपे) में नौ से 12 जुलाई तक आयोजित होने वाली एशिया पैसिफिक टचबॉल चैंपियनशिप के लिए पंजाब पुलिस की खिलाड़ी कुलदीप कौर को भारतीय महिला टचबॉल टीम का कप्तान और मनदीप कौर को उपकप्तान नियुक्त किया गया है। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय महिला टीम देश का प्रतिनिधित्व करेगी।

भारतीय टीम में कुलदीप कौर और मनदीप कौर के अलावा करिश्मा राठौर, दलजीत कौर, सोनम कुमारी, सरबजीत कौर, जगरूप कौर, खुशबीर कौर, मंजू गिल, मुस्कान और ममता सिंह को भी शामिल किया गया है।

इस अवसर पर इंडियन टचबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष एवं एडीजीपी/एसएपी एम.एफ. फारूकी तथा फेडरेशन की महासचिव डॉ. रश्मि विज ने सोमवार को भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

टीम के साथ गौरव शर्मा को कोच और राकेश कुमार को टीम मैनेजर नियुक्त किया गया है, जो खिलाड़ियों के साथ ताइवान जाएंगे।

एडीजीपी फारूकी ने कहा कि भारतीय टचबॉल टीम लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रही है, जिसमें पंजाब के खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और भविष्य में भी भारतीय टीम अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करती रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब पुलिस के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य और देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।

 

 

Next Post

रिकॉर्ड आठ बार के चैंपियन फ़ेडरर विंबलडन लौटे

Mon Jul 6 , 2026
लंदन, 06 जुलाई (वार्ता) रिकॉर्ड आठ बार के विंबलडन चैंपियन रोजर फ़ेडरर सोमवार को चैंपियनशिप में पहुंचे। यह स्विस दिग्गज सोमवार सुबह ‘द ऑल इंग्लैंड क्लब’ पहुंचे और रॉयल बॉक्स से दिन का खेल देखेंगे। 2022 में प्रोफ़ेशनल टेनिस से रिटायर होने के बाद से हर साल विम्बलडन लौटने की […]

You May Like