नयी दिल्ली, 12 जुलाई (वार्ता) भारत ने भारतीय नागरिकों की तैनाती वाले वाणिज्यिक पोत जीएफएस गैलेक्सी पर ओमान के तट के निकट हमले की कड़ी निंदा करते हुए तनाव को तत्काल काम करने तथा कूटनीति और संवाद के माध्यम से समाधान निकालने की अपील की है। इस पोत पर सवार 11 भारतीय नागरिकों में से अब तक 10 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक के लापता होने की सूचना है। विदेश मंत्रालय ने रविवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा कि भारत ओमान के तट के निकट वाणिज्यिक पोत जीएफएस गैलेक्सी पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता है। ओमान में हमारा दूतावास स्थिति पर निकटता से नजर रखे हुए है और खोज एवं बचाव अभियान में ओमानी अधिकारियों के साथ सक्रिय समन्वय कर रहा है। भारत ओमान के अधिकारियों को उनके सहयोग के लिए धन्यवाद देता हैं।
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि क्षेत्र में वाणिज्यिक नौवहन पर लगातार हो रहे हमले अत्यंत चिंताजनक हैं। मंत्रालय ने कहा, “हम तनाव को तत्काल कम किए जाने तथा कूटनीतिक समाधान के लिए जारी वार्ताओं को सफलतापूर्वक संपन्न करने की अपनी अपील दोहराते हैं, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता की बहाल हो सके।”
भारत का कहना है कि क्षेत्र में वाणिज्यिक नौवहन और नागरिक अवसंरचना को निशाना बनाया जाना तत्काल बंद होना चाहिए तथा अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में मुक्त, निर्बाध और सुरक्षित नौवहन एवं वाणिज्य को यथाशीघ्र बहाल किया जाना चाहिए। उल्लेखनीय है कि साइप्रस के ध्वज वाले इस पोत पर आज ओमान तट पर हमले के बाद आग लग गई थी। पोत पर सवार 11 भारतीय नागरिकों में से 10 को सुरक्षित बचा लिया गया है और एक अभी लापता है।

