गौहर महल में सजी हुनर की अनोखी दुनिया

भोपाल:गौहर महल में इन दिनों हस्तकला की ऐसी भीनी खुशबू फैली है कि परिसर में प्रवेश करते ही एक अलग संसार का एहसास होता है। सोमवार को मेले में उन रंग बिरंगी कृतियों पर लोगों की नजरें खूब टिकी, जो प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और कलाकारों की कल्पनाशीलता संजोए हुए हैं। मध्यप्रदेश हस्तशिल्प और हाथकरघा विकास निगम द्वारा आयोजित इस पांच दिवसीय मेले में दूरस्थ जिलों से आए कारीगर अपने हुनर को बेबाकी से पेश करते हुए दिखे। मेले में लकड़ी और धातु की नक्काशी से लेकर वस्त्रों पर बने प्राकृतिक रंगों के डिजाइन लोगों को आकर्षक करते दिखे।

मेले में आए शिल्पकारों ने बताया कि आधुनिक जरूरतों के अनुरूप बदलाव करते हुए भी वे अपनी परंपरागत जड़ों को कायम रखने की कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच एमएलबी गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं का समूह भी पहुंचा जिसे देखकर मेले का माहौल और जीवंत हो गया। छात्राओं ने स्टॉल दर स्टॉल जाकर कलाकारों से तकनीक, समय और सामग्री की बारीकियां जानीं। शिल्पकार विनोद मालेवर ने उन्हें बताया कि कैसे एक साधारण सी धागे की कड़ी भी प्रदेश की सांस्कृतिक कहानी बुनती है।

मेले का एक और प्रमुख आकर्षण वे वस्त्र रहे जिन पर मध्यप्रदेश की लोक धरोहर और पारंपरिक प्रतीक उकेरे गए थे। इन डिजाइनों ने यह एहसास कराया कि हस्तकला सिर्फ सौंदर्य नहीं बल्कि इतिहास और विरासत का दस्तावेज भी है।आयोजन समिति ने बताया कि कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 50 से अधिक शिल्पकारों को सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान मंगलवार के दिन शिल्पियों के कारीगरी के नाम रहेगा।

Next Post

सीएम डॉ यादव ने किए मतंगेश्वर मंदिर में दर्शन, बस स्टॉप पर छात्राओं से की मुलाकात

Tue Dec 9 , 2025
खजुराहो: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज खजुराहो स्थित प्राचीन मतंगेश्वर मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली एवं जनकल्याण की कामना की। मंदिर दर्शन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव खजुराहो के बस स्टॉप पहुँचे, जहाँ उनकी मुलाकात कॉलेज की छात्राओं से हुई। मुख्यमंत्री ने छात्राओं से उनकी […]

You May Like