
सिंगरौली । जिले के सबसे दुर्गम अंचलों में शामिल बगदरा अभयारण्य क्षेत्र में बारिश ने ग्रामीणों की परेशानियां कई गुना बढ़ा दी हैं। एक तरफ प्रदेश सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधि चितरंगी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, भवन और अन्य विकास कार्यों पर करीब 4 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाने का दावा कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बगदरा क्षेत्र की जर्जर सड़के इन दावों की जमीनी हकीकत बयां कर रही हैं।
आये दिन हो रही बारिश के चलते अधिकांश सड़के कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गई हैं। हालात ऐसे हैं कि कई स्थानों पर पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है, जबकि वाहनों की आवाजाही लगभग प्रभावित हो रहा है। बगदरा अभ्यारण्य क्षेत्र की 26 ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीण वर्षों से सड़क जैसी मूलभूत सुविधा के अभाव का दंश झेल रहे हैं। रही दिपवा मार्ग, कुलकवार मुख्य मार्ग और भूर्तिया टोला संपर्क मार्ग की स्थिति सबसे अधिक खराब बताई जा रही है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से राहगीरों को गड्ढों का अंदाजा तक नहीं लग पाता। दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिरने के डर से सफर कर रहे हैं, जबकि चारपहिया वाहनों को भी भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
स्वास्थ्य एवं सड़क की हालत बद से बद्तर
बारिश शुरू होते ही बगदरा अभ्यारण्य क्षेत्र की कई सड़के कीचड़ और जलभराव से पूरी तरह प्रभावित हो जाती हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार बच्चों का स्कूल जाना, मरीजों का अस्पताल पहुंचना और किसानों का मंडी तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है। क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण को प्राथमिकता देने की मांग की है। इधर ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में यदि किसी गर्भवती महिलाएं गंभीर मरीज या दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की नौबत आ जाए तो समय पर चिकित्सा मिलना मुश्किल हो सकता है। कई गांवों का संपर्क प्रभावित होने से बच्चों की पढ़ाई, किसानों की कृषि उपज का परिवहन और दैनिक जरूरतों की पूर्ति भी बाधित हो रही है। लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात में यही हालात बनते हैं, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। ग्रामीणों ने शासन और जिला प्रशासन से मांग की है कि बगदरा क्षेत्र की सड़कों का प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कराया जाए, ताकि हजारों ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
इनका कहना:-
राज्यमंत्री दावा करती हैं कि विस क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछा दिया गया है, लेकिन बगदरा अभ्यारण्य क्षेत्र की बदहाल सड़के इन दावों की हकीकत बयां कर रही हैं। बारिश के दिनों में लोगों का सड़कों पर पैदल चलना भी दुर्लभ हो गया है। भाजपा सरकार में विकास केवल कागजों पर दिखाई देता है। बगदरा क्षेत्र की 26 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं।
सरस्वती सिंह
पूर्व विधायक एवं जिलाध्यक्ष
कांग्रेस पार्टी सिंगरौली ग्रामीण
