
प्रधानमंत्री न्यू साणंद (उत्तर), न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव और न्यू जेएनपीटी, मुंबई से मालगाड़ी सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। वडोदरा और टांडा रोड के बीच नयी ट्रेन सेवा भी शुरू की जाएगी, जिससे वडोदरा, छोटा उदेपुर और अलीराजपुर जिलों के लोगों को लाभ होगा। छोटा उदयपुर-धार परियोजना के तहत बनी जोबट-टांडा रोड नयी रेल लाइन भी राष्ट्र को समर्पित की जाएगी, जो अलीराजपुर के दूरदराज और आदिवासी क्षेत्रों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ेगी। प्रधानमंत्री 329 किलोमीटर लंबी तीन रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, जिनकी लागत 9,700 करोड़ रुपये से अधिक है। इनमें वडोदरा-रतलाम तीसरी और चौथी लाइन, मियागाम करजन-चोरांडा-मलसर गेज परिवर्तन और विश्वामित्री-डभोई दोहरीकरण परियोजना शामिल हैं। इनसे यात्री और माल ढुलाई क्षमता बढ़ेगी, रेल भीड़ कम होगी तथा गुजरात और मध्य प्रदेश के बीच संपर्क मजबूत होगा।
करीब 1,780 करोड़ रुपये की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का भी शिलान्यास होगा। इनमें एनएच-48 के कामरेज-चलथान हिस्से को छह लेन करना, वडोदरा-सूरत हिस्से में तापी और नर्मदा पर बड़े पुलों समेत अतिरिक्त ढांचे बनाना तथा एनएच-53 पर अभवा, मिंधोला और खजोद जंक्शन पर ग्रेड-सेपरेटेड ढांचे शामिल हैं। वडोदरा-सूरत एनएच-48 पर कंदारी चोकड़ी और लुवारा पटिया
में छह लेन फ्लाईओवर का उद्घाटन भी होगा।
गुजरात सरकार की करीब 2,600 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा। इनमें वडोदरा शहरी विकास प्राधिकरण रिंग रोड फेज-II, कडाना बांध पर 110 मेगावाट का फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट और वडोदरा नगर निगम का नया कार्यालय शामिल हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास परियोजनाओं और पूर्वी वडोदरा के 11 गांवों के लिए जलापूर्ति परियोजना समेत अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया जाएगा। मुंबई में प्रधानमंत्री ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026 के सातवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। वर्ष 2020 से यह सम्मेलन नीति-निर्माताओं, नियामकों, केंद्रीय बैंकों, वित्तीय संस्थानों, फिनटेक कंपनियों, तकनीकी कंपनियों, निवेशकों और शिक्षाविदों समेत वैश्विक हितधारकों को वित्त के भविष्य पर चर्चा के लिए एक मंच दे रहा है। सम्मेलन में एजेंटिक एआई, प्रोग्रामेबल फाइनेंस, क्वांटम तकनीक और अन्य उभरती तकनीकों के जरिए नागरिकों, कारोबारों और वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं के लिए भरोसेमंद और समावेशी परिणाम तैयार करने पर चर्चा होगी।
