
भोपाल: प्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने एक नया आदेश जारी करते हुए सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि वे अब सांसद और विधायकों का अभिवादन करते समय उन्हें सैल्यूट करेंगे। इसके साथ ही, डीजीपी ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई भी जनप्रतिनिधि किसी कार्यवश पुलिस अधिकारी से मिलने आता है, तो उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी और उनकी बात ध्यानपूर्वक सुनी जाएगी.
डीजीपी मकवाना द्वारा यह आदेश 24 अप्रैल को जारी किया गया है और तत्काल प्रभाव से इसे पूरे प्रदेश की पुलिस इकाइयों में लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। अपने इस आदेश में, उन्होंने जनप्रतिनिधियों के सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए पहले जारी किए गए आठ अन्य सरकारी परिपत्रों का भी उल्लेख किया है, जो विभिन्न तिथियों 23 जनवरी 2004, 18 मई 2007, 22 मार्च 2011, 24 अक्टूबर 2017, 19 जुलाई 2019, 11 दिसम्बर 2019, 12 नवम्बर 2021 तथा 4 अप्रेल 2022 को शासन द्वारा जारी किए गए हैं.
