मुंबई, 07 मई (वार्ता) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को ले जा रहे हेलीकॉप्टर को गुरुवार को खराब मौसम के कारण जुहू हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतार लिया गया।
अधिकारियों के अनुसार उपमुख्यमंत्री मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स से हेलीकॉप्टर से मुर्बाड में एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। उड़ान के दौरान कल्याण क्षेत्र के ऊपर हेलीकॉप्टर तेज धूलभरी आंधी और तेज हवाओं की चपेट में आ गया। दृश्यता कम होने और मौसम लगातार खराब होने के कारण पायलट ने एहतियात के तौर पर आगे की उड़ान रद्द कर हेलीकॉप्टर को वापस मुंबई की ओर मोड़ दिया। इसके बाद हेलीकॉप्टर की जुहू हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग करायी गयी।
उन्होंने बताया कि श्री शिंदे सहित हेलीकॉप्टर में सवार सभी कर्मचारी और चालक दल पूरी तरह सुरक्षित हैं।
