सहकारी बैंक की 115वीं वार्षिक आमसभा सम्पन्न, उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान

बालाघाट, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित बालाघाट की 115वीं वार्षिक आमसभा 17 सितम्बर को बैंक मुख्यालय सभागार में आयोजित हुई। आमसभा में बैंक की वित्तीय स्थिति, ऋण वितरण, वसूली, समितियों के कम्प्यूटरीकरण सहित सहकारिता क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों एवं आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक कुमार सत्यम, मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक मर्यादित भोपाल के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी आर.सी. पटले, बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिनव सिंह बघेल एवं प्रबंधक लेखा पी. जोशी मंचासीन रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।

99.47 प्रतिशत कृषक परिवार सहकारिता से जुड़े

अपने प्रशासनिक उद्बोधन में कलेक्टर एवं बैंक प्रशासक कुमार सत्यम ने बताया कि 31 मार्च 2026 की स्थिति में जिले की 230 सहकारी समितियां और 10,248 नाममात्र सदस्य बैंक से जुड़े हैं। जिले के 3,15,429 कृषक 131 बी-पैक्स समितियों से जुड़े हुए हैं। इस प्रकार जिले के 99.47 प्रतिशत कृषक परिवार सहकारिता से जुड़ चुके हैं। उन्होंने बताया कि बैंक की अंश पूंजी 3491.88 लाख रुपये, रक्षित कोष 9757.54 लाख रुपये, अमानतें 111894.15 लाख रुपये तथा कार्यशील पूंजी 149790.05 लाख रुपये है। 31 मार्च 2026 तक बैंक द्वारा 785776.32 लाख रुपये का विनियोजन किया गया है। कृषि ऋणों की वसूली का प्रतिशत 82.76 रहा है।

समितियों के कम्प्यूटरीकरण से सेवाओं में आएगी तेजी

कलेक्टर ने कहा कि जिले की बी-पैक्स समितियों का कम्प्यूटरीकरण किया जा चुका है। इससे समितियों के कार्यों में पारदर्शिता बढ़ने के साथ किसानों को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। सहकारिता में नवाचार के तहत जिले की 126 बी-पैक्स समितियों का कॉमन सर्विस सेंटर के रूप में पंजीयन कराया गया है। इसके माध्यम से समितियों के कार्यक्षेत्र के किसानों को समिति स्तर पर ही विभिन्न सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि समितियों द्वारा प्रधानमंत्री जन औषधि केन्द्र, इफको आउटलेट एवं धर्मकांटा जैसी गतिविधियों का संचालन भी किया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 54457.43 लाख रुपये का अल्पकालीन ऋण वितरण किया गया, जो निर्धारित लक्ष्य का 96.04 प्रतिशत है। बी-पैक्स समितियों के माध्यम से किसानों को 58079 मीट्रिक टन रासायनिक उर्वरक वितरित किया गया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ 2025 एवं रबी 2025-26 में 65,531 किसानों का फसल बीमा किया गया। उन्होंने बैंक की भागीदार संस्थाओं एवं समितियों के प्रतिनिधियों से बैंक के कालातीत ऋणों की वसूली में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कालातीत ऋणों की वसूली बेहतर होने से बैंक एवं बी-पैक्स समितियों की आर्थिक स्थिति और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक बालाघाट लगातार प्रगति की ओर अग्रसर है।

सीईओ ने रखा वार्षिक प्रतिवेदन

वार्षिक आमसभा में मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिनव सिंह बघेल ने विभिन्न विषयों का वाचन किया। इसमें वित्तीय वर्ष 2025-26 के वार्षिक प्रतिवेदन एवं अंकेक्षित वित्तीय पत्रकों, लेनदेन पत्रक तथा लाभ-हानि पत्रक का अनुमोदन, स्वीकृत बजट से अधिक अथवा कम हुए आय-व्यय का अनुमोदन, वित्तीय वर्ष 2027-28 के अनुमानित वार्षिक आय-व्यय एवं वार्षिक कार्यक्रम की स्वीकृति सहित अन्य विषय शामिल रहे। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2027-28 के लिए अधिकतम उधार ग्रहण सीमा निर्धारण तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 के शुद्ध लाभ के विनियोजन के प्रस्ताव भी आमसभा के समक्ष रखे गए। उपस्थित बैंक प्रतिनिधियों, बी-पैक्स समितियों के प्रशासकों तथा विभिन्न सहकारी संस्थाओं के अंशधारी सदस्यों ने प्रस्तावों पर सहमति प्रदान की।

उत्कृष्ट कार्य वालों का हुआ सम्मान

वार्षिक आमसभा के अवसर पर बैंक में अमानत संग्रह, ऋण वसूली, ऋण वितरण, एनपीए प्रबंधन, समिति स्तर पर सर्वाधिक वसूली, सहकार से समृद्धि, इफको एमसी मार्ट, कालातीत कृषि ऋणों की वसूली एवं माइक्रो एटीएम ट्रांजेक्शन सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थाओं एवं कर्मचारियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके साथ ही प्रगतिशील किसान हेमचंद पताहे तथा उत्कृष्ट अमानतदारों छगन हनवत एवं चन्द्रकुमार हरिनखेड़े को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में राजेश नगपुरे, वेदप्रकाश पटले, यशवंत टेंभरे, प्रकाश साहू, धनसिंह पटले, रविन्द्र वैद्य, वैदिक अगाल, राजेश दुबे, अनिरूद्ध वागदे, लता गौतम, ज्ञानचंद नेवारे, जयकुमार नंदनवार, मुकेश ठाकरे, आई.आर. भगत, दिनदयाल ठाकरे, मोरेश्वर फुण्डे, दिलीप रामटेके, ऋषि हरिनखेड़े, अशोक भवरे, सतीश कोरी, सीमा दुबे, धनेन्द्र कटरे, सारंग बिसेन, रौनक चैकसे, नेहा मंडलोई, अमरेश परिहार सहित बैंक एवं सहकारी संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आभार प्रबंधक लेखा पी. जोशी ने व्यक्त किया।

Next Post

'महाराज, जिंदगी माला पहनते बीत गई, पर खाद नहीं मिला!'

Thu Sep 17 , 2026
गुना। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने चार दिवसीय दौरे के दौरान गुना के सर्किट हाउस में जनता की समस्याएं सुन रहे थे, तभी पगारा और आसपास के गांवों से आए किसानों ने खाद संकट को लेकर अपनी पीड़ा साझा की। किसानों ने शिकायत की कि ऑनलाइन साइट हैक हो रही […]

You May Like