‘महाराज, जिंदगी माला पहनते बीत गई, पर खाद नहीं मिला!’

गुना। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने चार दिवसीय दौरे के दौरान गुना के सर्किट हाउस में जनता की समस्याएं सुन रहे थे, तभी पगारा और आसपास के गांवों से आए किसानों ने खाद संकट को लेकर अपनी पीड़ा साझा की। किसानों ने शिकायत की कि ऑनलाइन साइट हैक हो रही है और टोकन पहले ही बुक बता दिए जाते हैं, जिससे उन्हें दर-दर भटकना पड़ रहा है।

इस बीच, एक किसान का दर्द झलका और उसने तंज कसते हुए कहा, “महाराज, जिंदगी माला पहनते-पहनते बीत गई, लेकिन आज तक समय पर खाद नहीं मिल पाया!” किसान की इस दो टूक बात ने वहां मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को चौंका दिया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए सिंधिया तुरंत एक्शन में आए। उन्होंने मौके पर मौजूद कलेक्टर की तरफ देखते हुए कहा, “इन किसानों के नाम और मोबाइल नंबर नोट करिए।” जब कलेक्टर ने सहजता से ‘ठीक है’ कहा, तो केंद्रीय मंत्री ने कड़े तेवर दिखाते हुए निर्देश दिए, “सिर्फ ‘ठीक है’ नहीं, पेन और पैड निकालिए और नोट करिए। आप मेरे साथ ड्यूटी पर हैं।

मैं हर एक बात और व्यवस्था को खुद मॉनिटर करता हूं, तो आपको भी करना होगा।” मंत्री की इस सख्ती के बाद कलेक्टर ने तुरंत पेन-पैड मंगवाया और किसानों के नाम-नंबर दर्ज किए। इसके बाद सिंधिया जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित मेगा रक्तदान शिविर में शिरकत की। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान किसी की जिंदगी बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है। इस रोचक और जनहितैषी दौरे ने एक बार फिर प्रशासनिक अमले को पूरी तरह मुस्तैद कर दिया है।

Next Post

टेकबॉल: गोंजाल्वेस और बेग की जोड़ी ग्रुप चरण में हारकर हुई बाहर

Thu Sep 17 , 2026
नगोया, (जापान) 17 सितंबर (वार्ता) एशियाई खेल 2026 में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं और टेकबॉल के ग्रुप चरण में डेकलान मार्शल गोंजाल्वेस और मोहम्मद अनस बेग की जोड़ी का दो मैचों में हार के बाद पुरुष युगल में अभियान समाप्त हो गया। आज यहां डेकलान मार्शल गोंजाल्वेस और मोहम्मद […]

You May Like