सतना : अस्पताल के जिस पुरुष वार्ड का वाशरुम खराब है उसी के दरवाजे पर चस्पा पर्ची यह दर्शा रही है कि आवश्यकता पडऩे पर महिला वार्ड के वाशरुम का इस्तेमाल करें. जिसके चलते एक ओर जहां सर्जिकल वार्ड में भर्ती महिलाओं के सामने समस्या खड़ी हो गई है वहीं दूसरी ओर पुरुष सर्जिकल वार्ड के मरीजों को समझ में ही नहीं आ रहा है कि आखिर वे जाएं तो जाएं कहां.
जिला चिकित्सालय के पुरुष सर्जिकल वार्ड क्र. 1 का वाशरुम खराब है. जिसके चलते वाशरुम के दरवाजे पर ताला लगा दिया गया है. इसके साथ ही उक्त वाशरुम के दरवाजे पर एक पर्ची चस्पा कर दी गई है कि यहां का वाशरुम खराब है, लिहाजा वार्ड क्र. 5 में उपयोग करें. वहां पर नए नए भर्ती हुए मरीजों को शुरु में तो कुछ समझ में ही नहीं आया. लेकिन जब उन्हें आवश्यकता महसूस हुई और उन्होंने पर्ची के निर्देशानुसार वार्ड क्र. 5 का रुख किया तो वहां का दृश्य देखकर वे सकुचा गए.
दरअसल वार्ड क्र. 5 महिला सर्जिकल वार्ड है और वहां पर सर्जरी केे केस से संबंधित महिलाएं भर्ती रहती हैं. लिहाजा पुरुष वार्ड के मरीजों को यह समझ में ही नहीं आया कि आखिरकार उन्हें महिला सर्जिकल वार्ड के वाशरुम को इस्तेमाल करने के लिए कैसे कहा जा रहा है. वहीं कोई रास्ता न देख जब कुछ मरीजों ने महिला सर्जिकल वार्ड के वाशरुम का रुख किया तो इससे वहां पर भर्ती महिलाओं की परेशानी बढ़ गई. इस समस्या के संबंध में जब अस्पताल प्रबंधन से पूछा गया तो सीधा जवाब न देते हुए मामले को घुमाने का प्रयास किया जाने लगा.
