सांई बाबा नगर सेक्टर ‘ए’ में पानी का टैंकर आठ दिन में एक बार आ रहा

इंदौर:फूटी कोठी क्षेत्र में आने वाले वार्ड क्रमांक 85 के सांई बाबा नगर सेक्टर ‘ए’ में पानी को लेकर बड़ी समस्या देखने को मिली है. इस क्षेत्र में पानी को लेकर काफी किल्लत बनी हुई है. लोगों को दूसरे क्षेत्रों में जाकर पानी लाना पड़ता है या फिर निजी पानी का टैंकर लेना पड़ता है.

हालांकि नगर निगम द्वारा पानी का टैंकर भेजा जाता है लेकिन वह आठ दिन में एक बार आता है जिससे क्षेत्रवासियों की परेशानी और भी बढ़ जाती है. पानी की किल्लत निकाय चुनाव के पहले भी बनी हुई थी तब भी लोगों ने पानी की पूर्ति के लिए गुहार लगाई थी लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया. आज भी पार्षद द्वारा क्षेत्रवासियों को सिर्फ आश्वासन ही दिया जा रहा है.
इनका कहना है
पिछले दो वर्ष से पानी के लिए भाग दौड़ कर रहे हैं. झोन पर भी गए, पार्षद के पास सैकड़ों चक्कर लगा दिए कोई सुनने वाला नहीं. हमारी पानी किल्लत की समस्या ख़त्म नहीं हो रही है.
राधा कुमावत
नर्मदा लाईन भी है. बिल भी भरते हैं फिर भी दो साल हो चुके हैं हमारी पानी की किल्लत दूर नहीं की जा रही है. कितनी ही बार लाईन चेक की लेकिन हल नहीं निकल रहा है.
सोनम राठौर
पूरे साल यही हाल. आठ दस दिन में सरकारी टैंकर आता है. उससे पूर्ति कैसे होगी. या तो मोल पानी खरीदो. पीछे वाली गली वालों का भला हो वहां पिछले दो साल से हमें पानी दे रहे हैं.
प्रेमलता चावले
जल्द नई लाइन डालने का कार्य शुरू होगा
साढ़े सात करोड़ लागत से पानी की टंकी बन चुकी है. एक करोड़ तीस लाख रूपए की लागत से लाईन डालने कार्य शुरू होगा. वर्षों पुरानी पानी की समस्या का निराकरण करते हुए जल्द ही लोगों को पानी की किल्लत से निजात मिलेगी.
राकेश जैन पार्षद

Next Post

अफसर की नेमप्लेट लगाकर चला रहा था टैक्सी, पोल खुली तो रोने लगा

Sun Apr 27 , 2025
इंदौर:चोइथराम चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस ने एक ऐसी कार पकड़ी, जो अफसर की नेमप्लेट लगाकर टैक्सी के रूप में चलाई जा रही थी. ड्राइवर ने रौब झाड़ने की कोशिश की, लेकिन जब गाड़ी में सवार यात्रियों ने सच्चाई उजागर की, तो ड्राइवर गिड़गिड़ाने लगा.सूबेदार सुमित बिल्लोनिया ने एमपी-09-डब्ल्यूएल-6053 नंबर की […]

You May Like