मप्र की राजनीति में कॉकरोच जनता पार्टी की एंट्री, परीक्षा घोटाले और युवा होंगे मुख्य एजेंडा

भोपाल। नवगठित कॉकरोच जनता पार्टी ने शुक्रवार को भोपाल में अपनी पहली पत्रकारवार्ता आयोजित कर मध्यप्रदेश की राजनीति में औपचारिक रूप से प्रवेश की घोषणा की। पत्रकारवार्ता में पार्टी ने युवाओं से जुड़े मुद्दों, परीक्षा अनियमितताओं और व्यवस्था परिवर्तन को अपना प्रमुख एजेंडा बताया।

मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश संयोजक मयंक ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष या राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि उस व्यवस्था के खिलाफ है जिसने करोड़ों युवाओं और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक, बेरोजगारी, परीक्षा घोटाले, भ्रष्टाचार और युवाओं की लगातार अनदेखी ने नई पीढ़ी में व्यापक निराशा पैदा की है।

पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि मध्यप्रदेश में जल्द ही प्रदेश कार्यकारिणी और जिला इकाइयों का गठन किया जाएगा, जिसकी नियमावली तैयार की जा रही है। संगठन ने दावा किया कि सोशल मीडिया के माध्यम से उसे तेजी से समर्थन मिल रहा है और उसकी पहुंच लगभग 20 करोड़ लोगों तक बन चुकी है, जिसमें मध्यप्रदेश की भागीदारी सबसे अधिक है। नेताओं ने यह भी दावा किया कि शीघ्र ही पार्टी की सदस्य संख्या देशभर में 25 करोड़ के पार पहुंच जाएगी।

पत्रकारवार्ता में पदाधिकारियों ने कहा कि पार्टी देशभर में बड़े स्तर पर जनसंपर्क अभियान और आंदोलन शुरू करेगी। संस्थापक सदस्यों अभिजीत दीपके, मेघानंद एस और अर्पित शर्मा के नेतृत्व में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर ऑनलाइन याचिका अभियान भी शुरू किया गया है।

Next Post

अलसुबह से भोजशाला में सुनाई दी मंत्रोच्चार की गूंज 

Fri May 22 , 2026
संजय बाजपेई धार। इंदौर हाईकोर्ट का आदेश आने के बाद भोजशाला में पहली बार हिंदुओं द्वारा माता वाग्देवी की पूजा अर्चना और महाआरती की गई। अलसुबह से ही श्रद्धालु भोजशाला में विभिन्न अनुष्ठान करते देखे गए। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दिनभर पूजन का क्रम चलता रहा। अलसुबह से ही […]

You May Like