
भिंड। जिले के लहार थाना क्षेत्र के ग्राम सिकरी जागीर में एक मुस्लिम परिवार के शादी समारोह के दौरान डीजे पर नृत्य को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों के लोगों ने लाठी-डंडों, चाकू-छुरियों से हमला कर दिया। घटना में कई लोग घायल हुए, वहीं कुछ चारपहिया वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई। विवाद के चलते बारात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।
ग्राम सिकरी जागीर में शादी समारोह चल रहा था। बारात के द्वार पर पहुंचने के दौरान लड़की के मामा पक्ष और दूल्हे के ससुराल पक्ष के बीच डीजे पर डांस को लेकर विवाद शुरू हुआ। कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान लाठी-डंडों और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया। उपद्रवियों ने कई वाहनों पर भी हमला कर उनके कांच तोड़ दिए।
एक पक्ष के शब्बीर खान निवासी डरमनपाली ने आरोप लगाया कि हारून खान, इरफान खान और कल्लू खान ने उसके साथ मारपीट की तथा बारात में किराये पर लाई गई कारों में तोड़फोड़ की। वहीं दूसरे पक्ष के इरफान खान निवासी टुड़ीला, मालनपुर ने शिकायत में कहा कि आरिफ खान ने उसके चचेरे भाई जहीर खान और चाचा आलम शरीफ पर लोहे के डंडे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। पुलिस उपद्रवियों को पकड़ने में जुटी है।
