
जबलपुर। बेलखेड़ा अंतर्गत आने वाले बरबटी ब्रह्मकुंड में 27 जून को बलराम मल्लाह की संदिग्ध मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। मृतक के पिता खेलन मल्लाह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोप लगाया कि उसके बेटे की हत्या हुई है। मामले को आत्महत्या का रूप सोची-समझी साजिश के तहत दिया जा रहा है। वे पिछले 6 महीनों से न्याय के लिए दर-दर भटक रहे हैं। बेलखेड़ा थाना और एसडीओपी पाटन कार्यालय के चक्कर काट चुके है। शिकायत पत्र में मुन्ना मल्लाह, भारत मल्लाह, ईश्वर मल्लाह और सम्पत मल्लाह सहित कुछ अन्य लोगों पर हत्या में शामिल होने की आशंका जताई गई है। पीडि़त परिवार ने एसपी से मामले में निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
