
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेश में चोरी, लूट, झपटमारी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पिछले दो दिनों में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों के दौरान 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य की चोरी की संपत्ति भी बरामद की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की सहायता ली गई।
जबलपुर के हनुमानताल थाना क्षेत्र में हुई नकबजनी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 11 तोला 8 ग्राम सोने के आभूषण और 1 किलो 313 ग्राम चांदी के जेवर, कुल लगभग 19.77 लाख रुपये मूल्य के, बरामद किए गए।
नीमच में कैंट थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जवाहर नगर क्षेत्र में महिला से सोने की चेन झपटने वाले दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया। करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
भोपाल के अयोध्या नगर क्षेत्र में पुलिस ने चेन स्नेचिंग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनसे सात सोने की चेन, एक स्कूटर और एक मोटरसाइकिल सहित करीब 17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
गुना जिले के बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र में मोबाइल टॉवर से बैटरी चोरी के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर 64 बैटरियां और दो ऑटो वाहन, लगभग 13 लाख रुपये मूल्य के, बरामद किए गए।
उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र में घरेलू कामगार महिला को एक घर से करीब 15 ग्राम सोने का मंगलसूत्र चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इन त्वरित कार्रवाइयों से अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश गया है और चोरी व झपटमारी जैसे मामलों में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा चोरी की संपत्ति की अधिकतम बरामदगी सुनिश्चित की जा रही है।
