महू: महू-नीमच रोड स्थित रॉयल टाउन कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं को लेकर जन-आक्रोश फूट पड़ा. पिछले 5 दिनों से बिजली और पानी की भारी किल्लत से जूझ रहे 500 से अधिक परिवारों ने गुरुवार सुबह महू-नीमच मार्ग पर चक्काजाम कर दिया. प्रदर्शन का नेतृत्व मुख्य रूप से महिलाओं ने किया, जो अपने मासूम बच्चों को साथ लेकर सड़क पर बैठ गईं. इस आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे स्कूली बच्चों और दफ्तर जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.
17 साल पुरानी कॉलोनी, फिर भी नारकीय जिंदगी
प्रदर्शन कर रहीं कॉलोनी की रहवासी टीना जादौन व अन्य महिलाओं ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा, हमारी कॉलोनी को बसे 17 साल हो चुके हैं. हम हर महीने 1,000 से 1,500 रुपये तक का बिजली बिल ईमानदारी से भरते हैं. इसके बावजूद पिछले 5 दिनों से हमें बिना बिजली-पानी के नरकीय जिंदगी जीने पर मजबूर किया जा रहा है. बच्चों की पढ़ाई ठप है और घर का पूरा कामकाज प्रभावित हो चुका है. रहवासियों का आरोप है कि बिजली न होने के कारण मोटर नहीं चल पा रही हैं, जिससे पानी का संकट गहरा गया है.
कलेक्टर से लेकर संबंधित विभाग कोई नहीं सुन रहा
आक्रोशित जनता ने बताया कि वे इस समस्या को लेकर कलेक्टर कार्यालय सहित बिजली विभाग के तमाम आला अधिकारियों को लिखित शिकायतें दे चुके हैं. लेकिन जब हर जगह से केवल आश्वासन मिला और कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ, तो मजबूरन उन्हें सड़क पर उतरकर यह कदम उठाना पड़ा. रहवासियों ने बिजली कंपनी और कॉलोनाइजर की मिलीभगत और अनदेखी पर कड़ा रोष जताया.
जल्द व्यवस्था सुचारू करने के आश्वासन पर माने
हाईवे पर जाम की सूचना मिलते ही किशनगंज थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा. थोड़ी ही देर में बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे. अधिकारियों ने आक्रोशित रहवासियों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया और जल्द से जल्द बिजली-पानी की व्यवस्था सुचारू करने का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद यातायात बहाल कराया जा सका
