
ग्वालियर। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान द्वारा दिए गए निर्देशों के परिपालन में गुरुवार (30 जुलाई) को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय थाटीपुर के सभागार में निजी नर्सिंग होम संचालकों व उनके प्रतिनिधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य सुरक्षित मातृत्व सेवाओं को बढ़ावा देने के साथ-साथ हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं के चिन्हांकन, प्रबंधन और रिकॉर्ड की सटीक रिपोर्टिंग व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना रहा। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन जैन ने बताया कि प्रत्येक माह की 9 एवं 25 तारीख को शासकीय संस्थाओं में आयोजित क्लिनिक के तहत निजी सोनोग्राफी केंद्रों के माध्यम से निर्धारित दरों पर सोनोग्राफी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने ‘सुमन यूएसजी पोर्टल’ की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. राम कुमार गुप्ता ने डिजिटल टीकाकरण ट्रैकिंग हेतु ‘यूविन पोर्टल’ के संबंध में उपस्थित प्रतिनिधियों को जागरूक किया। जिला एम.एंड ई. अधिकारी दत्तात्रेय कदरे ने ‘अनमोल पोर्टल’ पर डेटा प्रविष्टि की प्रक्रिया विस्तार से समझाई। साथ ही एएनएम को पोर्टल पर एंट्री हेतु आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए।
