कटनी:शहर के माधवनगर क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट/फूड पॉइंट पर खाद्य गुणवत्ता संबंधी शिकायत के बाद खाद्य विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जब्त किए हैं। कार्रवाई अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन की जिला महिला इकाई की उपस्थिति में की गई।जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अमन आशु सुहाने द्वारा रेस्टोरेंट में उपयोग की जा रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर खाद्य निरीक्षक ओमप्रकाश साहू से शिकायत की गई थी। शिकायत के बाद संगठन की जिला महिला इकाई की टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की शुद्धता पर संदेह व्यक्त किया गया, जिसके बाद खाद्य विभाग को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही खाद्य निरीक्षक ओमप्रकाश साहू टीम सहित मौके पर पहुंचे और नियमानुसार जांच कार्रवाई प्रारंभ की। विभाग द्वारा चीज, पनीर, मेयोनेज, विभिन्न लिक्विड सामग्री, पिज्जा-बर्गर सहित अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए।
सभी नमूनों को विधिवत सील कर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।कार्रवाई के दौरान संगठन की जिलाध्यक्ष प्रीति सेन, सचिव श्वेता अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष आशा सुहाने, सुनीता कनकने, नीता बिचपुरिया, सिटी अध्यक्ष सपना सेन, लीगल एडवाइजर सभ्या दुबे, नीति वर्मा, देवांश वर्मा एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि खाद्य पदार्थों में मिलावट या निर्धारित मानकों से कम गुणवत्ता पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
