भारत, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका का संयुक्त नौसैनिक अभ्यास समाप्त, समुद्री सहयोग मजबूत करने पर जोर

नई दिल्ली, 21 अक्टूबर (वार्ता) भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका की नौसेनाओं का नौवां संयुक्त समुद्री अभ्यास इब्सामार दक्षिण अफ्रीका के साइमन टाउन में संपन्न हो गया है।

रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि 10 दिनों तक चले इस अभ्यास का उद्देश्य तीनों देशों की नौसेनाओं के बीच तालमेल बढ़ाना, संयुक्त अभियान की क्षमता मजबूत करना और समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देना था।

अभ्यास के दौरान बंदरगाह और समुद्र में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इसमें शामिल नौसैनिकों ने एक-दूसरे की कार्यप्रणाली, क्षमताओं और समुद्र में अभियान चलाने के तरीकों को समझा। साथ ही, पेशेवर अनुभव साझा किए और संयुक्त प्रशिक्षण में हिस्सा लिया। इन गतिविधियों से तीनों देशों की नौसेनाओं के बीच आपसी समझ, भरोसा और समन्वय बढ़ाने में मदद मिली।

समापन समारोह में आईएनएस तरकश के कमांडिंग ऑफिसर ने कहा कि इस तरह के अभ्यास लंबे समय से चले आ रहे कूटनीतिक संबंधों को प्रभावी नौसैनिक सहयोग में बदलने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे अभ्यासों की अहमियत केवल समुद्र में संयुक्त गतिविधियां करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इनके जरिए नौसैनिकों के बीच आपसी संबंध मजबूत होते हैं और एक-दूसरे से सीखने का मौका मिलता है।

भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका तीन अलग-अलग महाद्वीपों में स्थित हैं, लेकिन समुद्री क्षेत्र से जुड़े होने के कारण तीनों के हित साझा हैं। इन देशों का उद्देश्य समुद्र को सुरक्षित और स्थिर बनाए रखना है। इस अभ्यास के जरिए उनकी नौसेनाओं को साझा समुद्री चुनौतियों पर चर्चा करने, बेहतर कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करने और मिलकर काम करने की क्षमता बढ़ाने का अवसर मिलता है।

इस अभ्यास ने संयुक्त रूप से काम करने के महत्व को भी रेखांकित किया। नियमित बातचीत, साझा प्रशिक्षण और समुद्री अभियानों की एक-दूसरे को समझने से नौसेनाओं के बीच तालमेल बेहतर होता है। अभ्यास के दौरान बने पेशेवर संबंध भविष्य में भी सहयोग को मजबूत करने में मदद करेंगे।

इस अभ्यास का सफल आयोजन भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका की सुरक्षित, संरक्षित और खुले समुद्र सुनिश्चित करने के लिए समुद्री सहयोग बढ़ाने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है। तीनों देशों ने नियम-आधारित समुद्री व्यवस्था को मजबूत करने और आपसी तालमेल बढ़ाने पर जोर दिया।

 

Next Post

दिल्ली मेट्रो लगाएगी अधिक फेरे, बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए किया फैसला

Wed Oct 21 , 2026
नयी दिल्ली 21 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने प्रदूषण नियंत्रण में सहयोग देने के लिए कल से (22 अक्टूबर) से कार्य दिवसों में अतिरिक्त ट्रेन फेरे चलाने का फैसला किया है। इसके साथ ही, वह राजधानी में अपने निर्माण स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में प्रदूषण रोधी […]

You May Like