छतरपुर। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के 30वें जन्मोत्सव के अवसर पर छतरपुर शहर के संकट मोचन मंदिर में संकट मोचन समिति द्वारा प्रस्तावित गौशाला निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार एवं विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं राष्ट्रसेवा के लिए प्रार्थना करते हुए जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया।
संकट मोचन मंदिर के महंत राजीव लोचन दास महाराज ने कहा कि उन्हें रायपुर (छत्तीसगढ़) से होने पर गर्व है और छतरपुर के संकट मोचन मंदिर का महंत बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का जन्म छतरपुर जिले के ग्राम गढ़ा में हुआ है। उनके 30वें जन्मोत्सव के अवसर पर दिल्ली सहित छतरपुर के विभिन्न धार्मिक स्थलों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा अनेक धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
संकट मोचन समिति के अध्यक्ष अभिलाष मिश्रा ने बताया कि पिछले वर्ष मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री संकट मोचन मंदिर आए थे। उसी समय उन्होंने प्रस्तावित गौशाला का भूमि पूजन किया था। उनके जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर अब गौशाला निर्माण कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया गया है। समिति ने इसे गौसेवा, धार्मिक आस्था और समाजसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में समाजसेवी राजेंद्र अग्रवाल, राकेश तिवारी, विनोद मिश्रा, सूरज राठौर, जितेंद्र निगम, विपिन गुप्ता, राम सहाय कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। वक्ताओं ने गौसंरक्षण, धार्मिक मूल्यों और सामाजिक सेवा के प्रति लोगों को प्रेरित करते हुए इस अभियान में अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की।
